नेपाल चुनाव: रैपर से नेता बने बालेन शाह पड़ रहे पुराने दिग्गजों पर भारी, पीएम की रेस में सबसे आगे, भारत से है खास नाता
नेपाल चुनाव: रैपर से 'किंगमेकर' बने बालेन शाह का उदय
नेपाल में 5 मार्च को होने वाले आम चुनावों में पूर्व रैपर और इंजीनियर बालेन शाह प्रधानमंत्री पद के सबसे प्रबल दावेदार। काठमांडू के मेयर के रूप में दिया अपनी प्रशासनिक कुशलता का प्रमाण। सोशल मीडिया पर युवाओं से सीधा जुड़ाव। पारंपरिक राजनीति के सामने शक्तिशाली विकल्प।
काठमांडू। नेपाल में बीते साल हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों में केपी शर्मा ओली की सरकार गिरने के बाद चुनाव हो रहे हैं। नेपाल की अंतरिम सरकार 5 मार्च को आम चुनाव कराने जा रही है। नेपाल के इस चुनाव में जिन चेहरों ने ना सिर्फ देश बल्कि दुनिया का ध्यान खींचा है, उनमें एक अहम नाम बालेंद्र (बालेन) शाह का है। भारत में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले और रैपर से नेता बने बालेन शाह को अगले पीएम के तौर पर देखा जा रहा है। कई पोल ये मानते हैं कि वह इस समय पीएम पद के लिए सबसे ज्यादा लोकप्रिय हैं। एजेंसी के मुताबिक, बालेन शाह ने बीते तीन साल में नेपाल की राजनीति में बहुत तेजी से पहचान बनाई है। साल 2022 में राजधानी काठमांडू के मेयर बनकर राजनीति में धमाकेदार तरीके से कदम रखने वाले शाह को 5 मार्च को होने वाले आम चुनाव के बाद नेपाल के अगले प्रधानमंत्री बनने की रेस में सबसे आगे माना जा रहा है।
बालेन शाह की लोकप्रियता
नेपाल चुनाव पर बहुत भरोसेमंद ओपिनियन पोल नहीं आए हैं लेकिन चार पॉलिटिकल एनालिस्ट और लोकल मीडिया बालेन को पारंपरिक पॉलिटिकल एलीट को किनारे करते हुए प्रधानमंत्री पद के लिए सबसे आगे बता रहे हैं। काठमांडू यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर बिपिन अधिकारी का कहना है कि बालेन शाह इतने पॉपुलर हैं कि काठमांडू को उनका शहर बताने वाले पोस्टर बसों पर दिखना आम बात है। बिपिन का कहना है, अगर बालेन शाह सत्ता में आ जाते हैं तो यह उस आदमी के लिए बड़ी बढ़त होगी, जो रैप म्यूजिक से राजनीति में आया और अपनी पॉपुलैरिटी का इस्तेमाल करके सबसे ऊंचे पद तक पहुंचेगा। यह नेपाल की पॉलिटिक्स को नया रूप देगा, जहां कुछ पुरानी पार्टियों का दबदबा है। बालेन की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी देश के लोगों के लिए नया और सेंट्रिस्ट रुझान वाला दल है।
सोशल मीडिया को बनाया हथियार
बालेन शाह की लोकप्रियता का एक बड़ा कारण काठमांडू के मेयर के तौर पर उनके किए गए काम हैं। इसमें शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने, वेस्ट मैनेजमेंट और हेल्थकेयर जैसी सर्विस की डिलीवरी पक्का करना शामिल है। उन्होंने आम चुनाव लड़ने के लिए जनवरी में मेयर पद से इस्तीफा दे दिया था। बालेन शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करने या मुख्यधारा मीडिया में आने के बजाय सोशल मीडिया को लोगों से जुड़ने का तरीका अपनाया है। उनके सोशल मीडिया पर लाखों की तादाद में फॉलोअर्स हैं और वह सीधे युवा नेपालियों से जुड़ते हैं। बालेन सोशल मीडिया पर अपने छोटे-छोटे मैसेज के जरिए युवाओं से जुड़े रहते हैं।
रैपर के तौर पर मिली शोहरत
बालेन शाह के पिता पारंपरिक आयुर्वेदिक दवाखाने में काम करते थे और मां आम होममेकर थीं। नेपाल में सिविल इंजीनियरिंग में अंडरग्रेजुएट डिग्री लेने के बादशाह ने दक्षिण भारत में स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री की पढ़ाई की। हालांकि शाह को पहचान उनके रैप म्यूजिक से मिली और वह अपने देश में रैप स्टार के तौर पर उभरे।

Comment List