पाकिस्तानी वित्त मंत्री औरंगजेब ने कहा, रूस से तेल समझौते की ओर बढ़ रहा पाकिस्तान
पाकिस्तान, रूस तेल समझौते पर कर रहे हैं चर्चा
पाकिस्तानी वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब ने कहा है कि रूस और पाकिस्तान के ऊर्जा मंत्रालय तेल समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। इसमें अन्वेषण, उत्पादन और शोधन शामिल हो सकता है। रूस पाकिस्तान को तेल आपूर्ति बढ़ाने और रिफाइनरी आधुनिकीकरण में रुचि दिखा रहा है।
इस्लामाबाद। पाकिस्तानी वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब ने कहा है कि रूस और पाकिस्तान के ऊर्जा मंत्रालय एक तेल समझौते पर चर्चा कर रहे हैं और पाकिस्तान इसे साकार होते देखना चाहता है। जब पाकिस्तानी वित्त मंत्री से पूछा गया कि क्या पाकिस्तान तेल क्षेत्र में रूस के साथ सहयोग बढ़ाने का अवसर देखता है, जिसमें अन्वेषण, उत्पादन एवं शोधन शामिल हैं, तो उन्होंने कहा, ये सभी ऐसे क्षेत्र हैं जो रूस की शक्ति को दर्शाते हैं। हम चाहेंगे कि वे आएं और पाकिस्तान के साथ इस समीकरण को आगे बढ़ाएं। इस संबंध में दोनों पक्षों के ऊर्जा मंत्रालयों के बीच बातचीत चल रही है।
रूसी ऊर्जा मंत्री सर्गेई त्सिविलेव ने नवंबर में कहा था कि रूस और पाकिस्तान रूसी कंपनियों की भागीदारी के साथ देश में एक तेल रिफाइनरी के आधुनिकीकरण की परियोजना पर बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रूस तेल आपूर्ति बढ़ाने में भी दिलचस्पी रखता है।

Comment List