ट्रंप ने भारत के चुनाव आयुक्त का किया जिक्र, SAVE America Act पारित करने की अपील
बिना वैध फोटो पहचान पत्र के अमेरिका में कैसे कराए जा सकते हैं चुनाव
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की चुनाव व्यवस्था की तारीफ करते हुए अमेरिका में मतदान के नियम और सख्त करने की पैरवी की है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के एक कथित सवाल का जिक्र करते हुए कहा कि बिना वैध फोटो पहचान पत्र के अमेरिका में चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं। ट्रंप के मुताबिक, भारत के पिछले लोकसभा चुनाव में करीब 64.6 करोड़ लोगों ने मतदान किया था। उन्होंने कहा कि एक प्रतिशत से भी कम मतदाताओं ने डाक के जरिए वोट किया और प्रत्येक मतदाता के लिए वैध फोटो आईडी जरूरी थी। इसी आधार पर ट्रंप ने अमेरिकी कांग्रेस से ‘SAVE America Act’ पारित करने की अपील की।
भारत में हालिया चुनावों के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को विपक्ष की आलोचना का सामना करना पड़ा था। विपक्ष ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए थे, जबकि चुनाव आयोग ने इन आरोपों और आशंकाओं पर जवाब दिया था। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी ट्रंप के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय चुनाव प्रणाली को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति की टिप्पणी सही है। गोर ने भी अमेरिका में वोटर आईडी और नागरिकता संबंधी कड़े नियम लागू करने की जरूरत बताई।

Comment List