शी जिनपिंग का उत्तर कोरिया दौरा: प्योंगयांग पहुंचे चीनी राष्ट्रपति, किम जोंग उन ने हवाई अड्डे पर किया स्वागत

रणनीतिक समन्वय पर होगी द्विपक्षीय वार्ता

शी जिनपिंग का उत्तर कोरिया दौरा: प्योंगयांग पहुंचे चीनी राष्ट्रपति, किम जोंग उन ने हवाई अड्डे पर किया स्वागत
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग सात साल बाद दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर उत्तर कोरिया पहुंचे। प्योंगयांग एयरपोर्ट पर किम जोंग उन ने स्वयं उनका ऐतिहासिक स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच आर्थिक सहयोग, कोरियाई प्रायद्वीप और रूस के साथ रणनीतिक समन्वय पर द्विपक्षीय वार्ता होगी।

प्योंगयांग। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सोमवार को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर उत्तर कोरिया पहुंचे। करीब सात वर्षों बाद प्योंगयांग की उनकी यह यात्रा हो रही है। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने स्वयं हवाई अड्डे पर पहुंचकर उनका स्वागत किया, जो एक दुर्लभ और प्रतीकात्मक कदम माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार किम के निमंत्रण पर शी प्योंगयांग पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी पेंग लियुआन, चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के महासचिव कार्यालय के निदेशक छाई ची तथा विदेश मंत्री वांग यी भी मौजूद थे।

चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी द्वारा प्रसारित दृश्यों में किम जोंग उन और उनकी पत्नी री सोल-जू को प्योंगयांग हवाई अड्डे पर शी जिनपिंग और पेंग लियुआन का व्यक्तिगत रूप से स्वागत करते हुए देखा गया। विमान से उतरने के बाद दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया, जबकि उत्तर कोरियाई बच्चों ने चीनी राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को फूलों के गुलदस्ते भेंट किये। शी के स्वागत के लिए हवाई अड्डे पर लाल कालीन बिछाया गया था और टर्मिनल भवन पर चीन तथा उत्तर कोरिया के राष्ट्रीय ध्वज प्रदर्शित किये गये थे। शी ने प्योंगयांग के किम इल-सुंग स्क्वायर में आयोजित भव्य स्वागत समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उत्तर कोरियाई सेना ने 21 तोपों की सलामी दी, जबकि सैन्य बैंड ने दोनों देशों के राष्ट्रगान बजाये।

किम के साथ शी ने उत्तर कोरिया की तीनों सेनाओं के सम्मान गार्ड का निरीक्षण भी किया। स्वागत समारोह के बाद चीन के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को कुमसुसान स्टेट गेस्ट हाउस ले जाया गया। रास्ते में बड़ी संख्या में लोग सड़कों के दोनों ओर खड़े होकर उनका स्वागत करते नजर आये। दिन में दोनों नेताओं के बीच वार्ता होने की संभावना है। बातचीत में आर्थिक सहयोग, कोरियाई प्रायद्वीप की स्थिति तथा रूस के साथ दोनों देशों के रणनीतिक समन्वय जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल हो सकते हैं।

दक्षिण कोरिया की समाचार एजेंसी योनहाप के अनुसार, शी की यात्रा से पहले पूरे प्योंगयांग को विशेष रूप से सजाया गया था। शहर की सड़कों पर शी के चित्र, चीन और उत्तर कोरिया के झंडे तथा दोनों देशों की पारंपरिक मित्रता का उल्लेख करने वाले बैनर लगाये गये थे। शी इससे पहले 20-21 जून 2019 को उत्तर कोरिया गये थे। वह दिसंबर 2012 में चीन के राष्ट्रपति बनने के बाद उनकी पहली प्योंगयांग यात्रा थी। दोनों नेताओं की सबसे हालिया मुलाकात सितंबर में बीजिंग में हुई थी, जब किम जोंग उन चीन के विजय दिवस समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। उस अवसर पर वह शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ सैन्य परेड में मौजूद थे। दिसंबर 2011 में अपने पिता किम जोंग-इल की मृत्यु के बाद सत्ता संभालने के पश्यात किम जोंग उन अब तक पांच बार चीन जाकर शी जिनपिंग से मुलाकात कर चुके हैं।

Read More क्रेमलिन का यूरोपीय संघ पर तीखा पलटवार: बोले प्रवक्ता पेस्कोव- 'रूस-यूरोप विवाद की असली जड़ यूक्रेन'

Post Comment

Comment List

Latest News

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान : 9 जून को जयपुर प्रथम जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों में विशेष आयोजन प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान : 9 जून को जयपुर प्रथम जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों में विशेष आयोजन
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के 10 वर्ष पूरे होने पर 9 जून को जयपुर प्रथम जिले के सभी चिकित्सा...
सुरजेवाला का केंद्र पर निशाना: भाजपा ने राज्यसभा सीट न देकर किया देवेगौड़ा का अपमान, बोले- कुमारस्वामी द्वारा इस व्यवहार को स्वीकार करना आश्चर्यजनक
शी जिनपिंग का उत्तर कोरिया दौरा: प्योंगयांग पहुंचे चीनी राष्ट्रपति, किम जोंग उन ने हवाई अड्डे पर किया स्वागत
राज्यसभा चुनाव: भाजपा उम्मीदवार शारदा देवी ने किया मणिपुर से नामांकन दाखिल, महिला सशक्तीकरण और अखंडता का लिया संकल्प
लाइसेंस नियमों में बड़ा बदलाव: 50 साल की उम्र तक वैध होगा ड्राइविंग लाइसेंस, ऑनलाइन होंगी RTO सेवाएं
सोशल मीडिया पर वायरल शावकों की तस्वीरों पर रणथम्भौर प्रशासन का स्पष्टीकरण, फर्जी व भ्रामक सामग्री से सावधान रहने की अपील
पटना से गायब खान सर! SIT की ताबड़तोड़ रेड जारी, फायरिंग विवाद और फायर ऑडिट रिपोर्ट से बढ़ीं मुश्किलें