आध्यात्मिकता और विज्ञान का अद्भुत संगम है नवरात्र

आध्यात्मिकता और विज्ञान का अद्भुत संगम है नवरात्र

अध्ययन बताते हैं कि भाव, रस, भक्ति, रत्न, अनाज, रंग, निधियां  सभी नौ है।  इस प्रकार नौ की संख्या का वैज्ञानिक और आध्यात्मिक महत्व है।

इस वैज्ञानिक युग में तथ्यों के आधार पर सिद्ध हो चुका है कि हिंदू धार्मिक मान्यताएं पूर्णत: वैज्ञानिक आधार पर टिकी हुई है। इसलिए इन्हें शाश्वत और सनातन की श्रेणी में रखा जाता है। मां दुर्गा के नौ रूपों का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए  नवरात्रों में किए जाने वाले अनुष्ठान और उपवास आदि पूर्णत: वैज्ञानिक धरातल पर खड़े हैं। इन्हें मात्र अंधविश्वास और कपोलकल्पित नहीं माना जा सकता। उपवास जो प्राकृतिक चिकित्सा में रोग उपचार की एक विधि के रूप में मान्यता प्राप्त है। प्रत्येक वर्ष में दो नवरात्रों का विशेष महत्व रहता है। एक नवरात्र शरद समाप्ति और ग्रीष्म आगमन के संधिकाल पर आता है जिसका समापन रामनवमी के साथ होता है। इन्हें चैत्र नवरात्र कहा जाता है। दूसरे नवरात्र ग्रीष्म समाप्ति और शरद के आरंभ के संधिकाल पर मनाए जाते हैं जिसका समापन रामनवमी तथा दशहरा के साथ होता है। इन्हें शारदीय नवरात्र कहा जाता है।

दोनों ही नवरात्रों का संबंध ऋतु परिवर्तन से है। सूक्ष्म जीव वैज्ञानिकों  का मानना है कि ऋतु परिवर्तन के संधिकाल में रोगजनित सूक्ष्मजीवों (जीवाणु और विषाणु) वृद्धि तीव्रता से होती है तथा इस काल में खाने की वस्तुओं, भोजन आदि में सूक्ष्मजीवों द्वारा किए जाने संक्रमण की संभावनाएं अधिक रहती है। ऐसा दूषित भोजन रोगों को निमंत्रण देता है। यदि इस समय पर हम अपनी इंद्रियों को नियंत्रित कर  कुछ दिनों तक शुद्धता, पवित्रता और यथासंभव उपवास का पालन करते हैं तो नि:संदेह हमारा शरीर स्वस्थ और निरोगी रह सकता है। दूसरा महत्वपूर्ण वैज्ञानिक कारण है नए अनाज का घर में आगमन। मुख्यत:  रबी और खरीफ दो मुख्य फसलें हमारे देश में उगाई जाती है। इसलिए दो नवरात्र महत्वपूर्ण हैं-चैत्र नवरात्र और शारदीय नवरात्र। नवरात्रों के करीब नई अनाज की फसल पक कर तैयार रही होती है। नया अनाज, धरती की ऊष्मा के कारण इस समय अधिक उष्मीय होता है। ऐसे अनाज का सेवन स्वास्थ्य के दृष्टि से उत्तम नहीं माना जाता। इस ऊर्जा से भरपूर अनाज को पचाना सरल नहीं होता। इसलिए नौ दिन उपवास कर जठराग्नि को अधिक तेज किया जाता है। ताकि पाचन तंत्र को मजबूत बनाया जा सके।

नवम दिवसीय नवरात्र शक्ति के परिचायक हैं। मनुष्य शरीर पंचतत्व से निर्मित एक प्राकृतिक इकाई है यह पांच तत्व भी शक्ति के भंडार है। जल में गतिज, ऊर्जा, अग्नि में उष्मीय ऊर्जा, नभ में शाब्दिक ऊर्जा, वायु में गतिज ऊर्जा तथा मृदा में भू-गर्भीय ऊर्जा का अंश निहित है। ऊर्जाओं का यह पुंज प्रकृति में उत्पादक और उपभोक्ता के बीच चक्कर लगाता रहता है। प्रसिद्ध भौतिक शास्त्री  आइंस्टीन द्वारा प्रतिपादित ऊर्जा (पदार्थ का सिद्धांत ऊर्जा पदार्थ की मात्रा प्रकाश का वेग)  यही दर्शाता है कि ऊर्जा और पदार्थ  को न तो उत्पन्न किया जा सकता है न ही नष्ट किया जा सकता है, परंतु उन्हें एक रूप से दूसरे रूप में परिवर्तित किया जा सकता है। ऊर्जा या पदार्थ बिना क्षय हुए, शाश्वत रूप से विद्यमान रहता है।

नवरात्र नारी शक्ति की पूजा और वंदना का उत्सव है। नारी जिसे हमारे ग्रंथों में सृष्टि की जननी माना गया है।आदि शक्ति के तीन स्वरूपों ज्ञान शक्ति, इच्छा शक्ति और क्रिया शक्ति के उपक्रमों से प्रकृति के सतो, रज और तम तीन गुणों की उत्पत्ति होती है। सम्पूर्ण जैविक सृष्टि का जन्मदात्री नारी ही है। जिसके कारण सृष्टि अस्तित्व में आती है, उसे ही हमारे ऋषियों ने नारी शक्ति के रूप में  स्वीकार किया है। हमारे सामाजिक ताने बाने में नारी केंद्र बिंदु है। नारी शक्ति की पुरुष का तुलात्मक विश्लेषण अस्वीकार्य है। नारी को एक जनसंख्या का अंश मानने की भूल नहीं की जानी चाहिए, क्योंकि वह तो पुरुष की भी जन्मदात्री है और महिला की भी। नारी के लिए मां का संबोधन नारीत्व की प्रकाष्ठा है। आयु बढ़ने के साथ, स्त्री संतान की भांति ही पति की भी वात्सल्य भाव से चिंता करने लगती है। उसकी भी अपने बच्चे की भांति देखरेख करती है।

नवरात्र नौ की संख्या में ही क्यों है। यह भी विचारणीय प्रश्न है जिसका उत्तर विज्ञान में ही निहित है। अध्ययन बताते हैं कि भाव, रस, भक्ति, रत्न, अनाज, रंग, निधियां  सभी नौ है।  इस प्रकार नौ की संख्या का वैज्ञानिक और आध्यात्मिक महत्व है। पृथ्वी एक वृत्त की भांति है और सम्पूर्ण  वृत्त 360 अंश और अर्धवृत्त 180 अंश का होता है। नक्षत्र 27 हैं, हरेक के चार चरण हैं, तो कुल चरण 108 होते हैं। सभी 9 के गुणांक है।  इसलिए नौ दिनों के नवरात्र मनाने की परंपरा हमारे ऋषियों ने ब्रह्मांड के अध्ययन द्वारा ही प्रतिपादित की है। नारी शक्ति के नौ रूप: शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कुष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायिनी, कालरात्रि, महागौरी, सिद्धिदात्री जिनकी नवरात्रों के दौरान पूजा अर्चना करके उस प्राकृतिक शक्ति का आह्वान किया जाता है। जो सृष्टि को जन्म देती है, उनका पालन पोषण करती है और समय आने पर उनका संहार भी कर सकती है ताकि सृष्टि हमेशा चलायमान और गतिमान रह सकें। आइए नवरात्रों के वैज्ञानिक आधार को आत्मसात करते हुए नारी शक्ति के ऊर्जापुंज के अस्तित्व को आत्म तत्व से स्वीकार करते हुए नारी के हर रूप, वो चाहे पुत्री हो, पत्नी हो, माता हो या बहन हो, को सदैव आदर और सम्मान दें।

-राजेंद्र कुमार शर्मा
(ये लेखक के अपने विचार हैं)

Tags:

Post Comment

Comment List

Latest News

न्यूजीलैंड ने चौथे टी-20 मैच में पाकिस्तान को चार रन से हराया न्यूजीलैंड ने चौथे टी-20 मैच में पाकिस्तान को चार रन से हराया
टिम रॉबिन्सन (51) रनों की अर्धशतकीय पारी और उसके बाद विलियम ओ' रूर्के की धारदार गेंदबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड ने...
ग्रेटर महापौर ने मानसून पूर्व नालों की सफाई करने के लिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने सिविल सिविल लाइंस स्थित बंगला नंबर 8 में की पूजा अर्चना
मौसम का बिगड़ा मूड, तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, आकाशीय बिजली गिरने से भैंस की मौत
रोडवेज बेड़े में शामिल होगी 510 नई बसें
तापमान बढ़ा तो पानी घटा, गांव-शहरोँ में टैंकरों से बुझ रही प्यास
श्रीलंका में ट्रक की सेना की कार से टक्कर, एक सैनिक की मौत