सरपंचों का दबाव आया काम, मनरेगा सामग्री मद में 300 करोड़ से अधिक राशि रिलीज

सरपंचों का दबाव आया काम, मनरेगा सामग्री मद में 300 करोड़ से अधिक राशि रिलीज

नरेगा सामग्री मद की लंबित राशि रिलीज कराने के लिए सरपंचों का लगातार दबाव अब रंग दिखाने लगा है।

जयपुर। नरेगा सामग्री मद की लंबित राशि रिलीज कराने के लिए सरपंचों का लगातार दबाव अब रंग दिखाने लगा है। राज्य नरेगा विभाग ने वित्तीय वर्ष 2022-23 की लंबित सामग्री राशि में से 300 करोड़ से अधिक राशि जिलों को रिलीज कर दी है। फिलहाल कुल राशि की 10.23 प्रतिशत राशि रिलीज की है।

नरेगा आयुक्त शिवांगी स्वर्णकार ने जारी आदेशों में राशि खर्च करने के दिशा निर्देश भी तय कर दिए हैं। वंही वर्ष 2021-22 में 48 प्रतिशत राशि रिलीज की गई थी। नरेगा विभाग ने कई जिलों में राशि खर्च के लिए कुछ बाध्यता भी लगाई हैं। जिन जिलों की ग्राम पंचायतों में राज्य स्तरीय जांच दलों की भौतिक सत्यापन रिपोर्ट में कोई नियमों का उल्लंघन या बकाया प्रकरण लंबित हैं, उनमें तय नियमों के अनुसार पुराना प्रकरण निस्तारण के बाद ही राशि उपयोग करने की अनुमति मिलेगी। आवंटित राशि का उपयोग श्रम सामग्री मद अनुपात 60:40 से अधिक नहीं किया जा सकेगा। विवादित, संदिग्ध और जांच विचाराधीन मामलों में भुगतान सक्षम स्तर से अनुमति के बाद ही किया जाएगा। तकनीकी कारणों से अटके भुगतान प्रकरणों में कलक्टर स्तर पर निर्णय के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।

Post Comment

Comment List

Latest News