केरल: सड़क हादसे में 8 विद्यार्थियों की मौत, एनएचएआई ने जताया शोक
पुलिस जांच में जुटी
तिरुवनंतपुरम। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने केरल के त्रिशूर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर सड़क दुर्घटना में मारे गये आठ विद्यार्थियों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। यह दुर्घटना शनिवार मध्यरात्रि कैपमंगलम के पनंबिकुन्नू के पास, मूनुपीडिका बाईपास के शुरुआती हिस्से के नजदीक हुई। हादसे के समय सड़क निर्माण और यातायात मार्ग में बदलाव का काम चल रहा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार तमिलनाडु के डिंडीगुल के आठ विद्यार्थी कार से जा रहे थे और इसी दौरान उनकी कार एक खड़े ट्रक से टकरा गयी।
एनएचएआई ने कहा कि दुर्घटना से पहले घटनास्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम और चेतावनी संकेत लगाए गये थे। मार्ग परिवर्तन से 500 मीटर, 250 मीटर और 50 मीटर पहले चेतावनी बोर्ड लगाए गये थे। इसके अलावा कार्य क्षेत्र के पास अवरोधक, यातायात संकेतक, परावर्तक चिह्न और चमकती चेतावनी बत्तियां भी लगाई गई थीं।
एनएचएआई के अनुसार, प्रारंभिक सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि टक्कर से ठीक पहले कार तेज गति से चल रही थी और कुछ समय पहले ही इस ट्रक को कथित तौर पर तेज गति वाले मार्ग पर अवैध रूप से खड़ा किया गया था। स्थानीय पुलिस से सूचना मिलने के बाद एनएचएआई की परियोजना टीम घटनास्थल पर पहुंची और अतिरिक्त सुरक्षा उपकरण लगाए तथा अवरोधकों को और मजबूत किया। पुलिस और अन्य एजेंसियां दुर्घटना के सटीक कारणों और हादसे वाली परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। एनएचएआई ने कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग कर रहा है।

Comment List