नोएडा में बस के पहिए के नीचे आई 7 वर्षीय छात्रा : स्कूल से लौट रही थी घर, दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में मौत
बस और चालक हिरासत में
स्कूल बस से उतरी 7 वर्षीय छात्रा बस के पहिए के नीचे आ गई। चालक की लापरवाही से घायल बच्ची की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने बस व चालक को हिरासत में लिया। अभिभावकों ने स्कूल बस सुरक्षा मानकों पर सख्ती की मांग उठाई।
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर क्षेत्र के ग्रेटर नोएडा दनकौर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसमें एक निजी स्कूल की 7 वर्षीय छात्रा की सड़क हादसे में मौत हो गई। छात्रा स्कूल से बस से घर लौट रही थी, जब यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ। घटना की जानकारी देते पुलिस ने बताया कि, बच्ची बस से उतरकर अपने घर की ओर जा रही थी। उसी समय बस चालक ने बस को आगे बढ़ा दिया। इस दौरान बच्ची बस के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसको गंभीर चोटें आईं। घटना के तत्काल बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचकर बच्ची को बस के नीचे से निकाला और उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद बस और बस चालक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना बच्चों की सुरक्षा के प्रति गंभीर चेतावनी है। स्कूल बसों की निगरानी, चालक प्रशिक्षण और बच्चों के सुरक्षित आवागमन के इंतजाम पर ध्यान देने की आवश्यकता है। कई अभिभावक इस हादसे के बाद गहरे सदमे में हैं और पुलिस से मांग कर रहे हैं कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे सड़क पार करते समय और बच्चों के आवागमन में विशेष सावधानी बरतें। स्थानीय प्रशासन ने भी घटना के बाद बसों के सुरक्षा मानक और स्कूल परिवहन व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है। इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Comment List