झारखंड के पांच छात्रों का कमाल: अब रोबोट करेगा शिवगंगा तालाब की सफाई, श्रावणी मेले में दिखेगी नई तकनीक
प्लास्टिक और कचरा हटाएगा स्मार्ट रोबोट
दुमका। झारखंड के बासुकीनाथ धाम में इस वर्ष श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। दुमका इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों द्वारा तैयार किया गया एक स्वचालित जल-सफाई रोबोट शिवगंगा तालाब में तैनात किया जाएगा। यह रोबोट 30 जुलाई से मेले के दौरान तालाब की सतह पर तैरने वाले प्लास्टिक, फूल-माला और अन्य ठोस कचरे को हटाने का काम करेगा।
कॉलेज के पांच बीटेक छात्रों ने इस परियोजना को विकसित किया है। रोबोट में सेंसर आधारित नेविगेशन, मोटर संचालित कन्वेयर सिस्टम और बैटरी से चलने वाली तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे यह बिना किसी रुकावट के तालाब में सफाई कर सकेगा। एकत्रित कचरा विशेष कंटेनर में जमा होगा, जिसे समय-समय पर खाली किया जाएगा।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से शिवगंगा तालाब की स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी और श्रद्धालुओं को साफ-सुथरा वातावरण मिलेगा। साथ ही, यह परियोजना स्थानीय छात्रों की तकनीकी प्रतिभा और नवाचार का भी उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है।

Comment List