जेल से निकलते ही आजम खान का सियासी धमाका, बोले- चुनाव नहीं, इंकलाब होगा!
जेल से बाहर आते ही आजम खान ने उठाए सवाल
रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा होने के बाद अपने गृह नगर रामपुर पहुंचे। उनके आवास पर समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। जेल से बाहर आने के बाद आजम खान ने राजनीतिक हालात, भाजपा और जांच एजेंसियों को लेकर खुलकर बात की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चुनाव जाति और धर्म के बजाय मुद्दों पर लड़े जाएंगे। अपने अंदाज में उन्होंने कहा, ''चुनाव नहीं होगा, इंकलाब होगा। बदलाव नहीं होगा, सैलाब होगा।
भाजपा पर निशाना साधते हुए आजम खान ने कहा कि पार्टी का सफाया हो चुका है। उन्होंने लोकसभा और विधान परिषद चुनावों के नतीजों का हवाला देते हुए भाजपा की जीत पर भी सवाल उठाए। अपने खिलाफ हुई कार्रवाई और माफिया कहे जाने पर उन्होंने सवाल किया, 'क्या मैं माफिया हूं? मैंने बच्चों के लिए स्कूल खोले और एक यूनिवर्सिटी स्थापित की। उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं की गिरती प्रतिष्ठा पर चिंता जताते हुए अपनी साख बचाने की अपील की।

Comment List