अश्विनी वैष्णव ने देहरादून एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी : लोग लंबे समय से कर रहे थे मांग, कहा- सेतु का काम करेगी ट्रेन
अभी ट्रेन 2 दिन चलाई जा रही ट्रेन
नई दिल्ली। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी के साथ ही रामनगर से देहरादून तक ट्रेन चलाने की लंबे समय से चली आ रही स्थानीय निवासियों की मांग पूरी हो गयी। वैष्णव ने दिल्ली से, धामी ने देहरादून से वीडियो कांफ्रेंसिंग से तथा पौड़ी सांसद अनिल बलूनी, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र रावत, स्थानीय विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने रामनगर रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर वैष्णव ने कुमाऊं और गढ़वाल उत्तराखंड के मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि रामनगर देहरादून ट्रेन कुमाऊं गढ़वाल के लिए सेतु का काम करेगी। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के माध्यम से कुमाऊं के लोग अपने काम से देहरादून आ जा सकेंगे। अभी मुरादाबाद में कार्य चल रहा है। इसलिए ट्रेन 2 दिन चलाई जा रही है। इसके बाद इसे हर दिन चलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने उतराखंड में चल रही रेल परियोजनाओं की जानकारी दी और ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल से काफी फायदा होने वाला है।
वहीं, धामी ने कहा कि यह रेल सुविधा कुमाऊं को गढ़वाल को जोड़ेगी। इस कालखंड में रेल सुविधाओं का विस्तार हुआ है। रेलवे की यात्री सुरक्षा, सुविधा, गति, दक्षता, क्षमता को गति मिली है। यह ट्रेन रामनगर से सप्ताह में दो दिन बुधवार और शुक्रवार को चलेगी और उसी दिन वापसी भी करेगी। रेल मंत्रालय के अनुसार 15310/15309 रामनगर-देहरादून-रामनगर एक्सप्रेस का संचालन प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को किया जाएगा। रामनगर से यह ट्रेन सुबह 5:50 बजे रवाना होकर अपराह्न 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में देहरादून से दोपहर 3:55 बजे चलकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। इससे यात्रियों को एक ही दिन में देहरादून जाकर अपना काम निपटाकर वापस लौटने की सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद तथा हरिद्वार स्टेशन पर ठहरेगी। इसमें एक लगेज कोच, सामान्य द्वितीय श्रेणी के तीन, शयनयान श्रेणी के तीन, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के दो, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का एक, वातानुकूलित कुर्सीयान का एक, सामान्य द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान के 4 और एक एलएसएलआरडी कोच लगेगा।

Comment List