गणतंत्र दिवस से पूर्व खुफिया एजेंसियों ने जारी की चेतावनी : खालिस्तानी और बांग्लादेशी आतंकियों की भारत में बड़ी वारदात करने की साजिश, दिल्ली सहित कई शहरों को बना सकते हैं निशाना
गैंगस्टर आंतरिक सुरक्षा को बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं
ये गैंगस्टर देश की आंतरिक सुरक्षा को बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। खुफिया सूत्रों के अनुसार इन खौफनाक आतंकियों को कनाडा में पांव जमाए कुछ खालिस्तानी आतंकवादियों समेत आइएसआइ का भी सक्रिय समर्थन हासिल है।
नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस नजदीक आते ही खुफिया एजेंसियों ने एक बड़ी चेतावनी जारी की है। एजेंसियों का कहना है कि खालिस्तानी आतंकवादी संगठन और बांग्लादेश से जुड़े आतंकी गुट दिल्ली समेत देश के कई शहरों को निशाना बना सकते हैं। पंजाब के गैंगस्टर, जो विदेश में बैठे खालिस्तानी और कट्टरपंथी आकाओं के लिए काम कर रहे हैं, उनकी गतिविधियां बढ़ी हुई पाई गई हैं। ये गैंगस्टर देश की आंतरिक सुरक्षा को बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। खुफिया सूत्रों के अनुसार इन खौफनाक आतंकियों को कनाडा में पांव जमाए कुछ खालिस्तानी आतंकवादियों समेत आइएसआइ का भी सक्रिय समर्थन हासिल है। वे नई दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में व्यापक वारदात करने का मंसूबा बांधे हुए हैं। खुफिया सूत्रों के हवाले से एक समाचार एजेंसी ने बताया है कि गणतंत्र दिवस से पहले, खुफिया एजेंसियों ने यह अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी खालिस्तानी आतंकवादी संगठनों और बांग्लादेश स्थित आतंकी समूहों की संभावित गतिविधियों को लेकर है। ये समूह दिल्ली और देश के अन्य शहरों में हमले की फिराक में हो सकते हैं।
देश की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश
खुफिया अलर्ट के अनुसार, पंजाब के गैंगस्टर अब विदेश में बैठे खालिस्तानी और कट्टरपंथीयों के लिए पैदल सैनिक के तौर पर काम कर रहे हैं। ये आका अपने आपराधिक नेटवर्क का इस्तेमाल करके अपने एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं और देश की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश कर रहे हैं। यह भी पता चला है कि ये गैंगस्टर हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में सक्रिय हैं। वे धीरे-धीरे खालिस्तानी आतंकवादी तत्वों से जुड़ते जा रहे हैं।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में मॉकड्रिल
गणतंत्र दिवस परेड से पहले, उत्तरी दिल्ली पुलिस ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाली जगहों पर कई मॉक ड्रिल किए। इसका मकसद विभिन्न एजेंसियों की तैयारी और प्रतिक्रिया समय की जांच करना था। जनवरी के पहले पखवाड़े में उत्तरी दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में चार मॉक ड्रिल किए गए। इनमें महत्वपूर्ण सरकारी इमारतें, ऐतिहासिक स्थल, प्रमुख बाजार और परिवहन केंद्र शामिल थे। इन जगहों पर हर दिन भारी संख्या में लोग इकट्ठा होते हैं। दिल्ली के लाल किला, कश्मीरी गेट, चांदनी चौक, खारी बावली, सदर बाजार और मेट्रो स्टेशन जैसे इलाकों को सुरक्षा की दृष्टि से बहुत संवेदनशील माना जाता है।

Comment List