लखनऊ में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई: बीएसपी विधायक उमाशंकर सिंह के आवास और कार्यालयों पर छापेमारी, जरूरी दस्तावेज जब्त
छापेमारी के कारणों या किसी बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं
बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के आवास—कार्यालय पर आयकर विभाग की छापेमारी। वित्तीय दस्तावेजों और रिकॉर्ड्स की बारीकी से जांच। उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में हलचल तेज।
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक उमाशंकर सिंह के गोमतीनगर स्थित आवास और कार्यालय पर बुधवार सुबह आयकर विभाग ने छापेमारी की कार्रवाई की। रसड़ा (बलिया) से विधायक उमाशंकर सिंह बसपा के वर्तमान में एकमात्र विधायक हैं, जिससे यह कार्रवाई राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग की 50 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और आवास तथा कार्यालय में दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य संबंधित सामग्रियों की जांच शुरू की। टीम द्वारा सभी आवश्यक कागजातों और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल, आयकर विभाग की ओर से छापेमारी के कारणों या किसी बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह कार्रवाई राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। बताया जा रहा है कि उमाशंकर सिंह कैंसर से पीड़ित हैं और उनके दो ऑपरेशन हो चुके हैं। वर्तमान में वे अपने लखनऊ स्थित आवास पर आइसोलेशन में रह रहे हैं।

Comment List