गाड़ी मालिकों के लिए बड़ी खबर! नई BS-6 निजी गाड़ियों को अब 3 साल तक PUC से राहत, सरकार ने बदले प्रदूषण जांच के नियम
केंद्रीय मोटर वाहन नियमों के 16वें संशोधन के तहत किए गए बदलाव
नई दिल्ली। सरकार ने बीएस-6 वाहनों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदूषण नियंत्रण (पीयूसी) प्रमाणपत्र की वैधता अवधि से जुड़े नियमों में संशोधन किया है जो गुरुवार से लागू हो गए हैं। नये नियमों के तहत भारत स्टेज (बीएस)-6 कारों और दुपहिया वाहनों को पंजीकरण के बाद पहले छह साल तक अब हर तीन साल में एक बार पीयूसी प्रमाणपत्र रिन्यू कराना होगा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इसके लिए एक गजट अधिसूचना जारी कर केंद्रीय मोटर यान नियम, 1989 में संशोधन किया है। इसके अनुसार, बीएस-6 उत्सर्जन मानदंडों का अनुपालन करने वाले वाहनों में परिवहन और गैर-परिवहन श्रेणी को अलग-अलग करके वैधता के नियम अलग-अलग रखे गए हैं।
गैर-परिवहन श्रेणी के बीएस-6 वाहनों के लिए पहले पंजीकरण से छह वर्ष तक हर तीन साल में एक बार पीयूसी प्रमाणपत्र का नवीनीकरण करना होगा। छह से 10 साल की अवधि तक हर साल रिन्युअल होगा। दस साल से पुराने वाहनों के लिए पीयूसी प्रमाणपत्र की अवधि छह महीने होगी। निजी इस्तेमाल के वाहन जैसे कारें, मोटरसाइकिल और स्कूटर इसी श्रेणी में आते हैं। बीएस-6 परिवहन वाहनों को पहले पंजीकरण से छह साल तक हर दो साल पर पीयूसी का रिन्युअल करना होगा। छह वर्ष से अधिक और 10 साल तक के वाहनों को हर साल पीयूसी प्रमाणपत्र रिन्यू कराना होगा। वहीं, 10 साल से अधिक पुराने वाहनों के लिए हर छह महीने पर पीयूसी प्रमाणपत्र रिन्यू कराना होगा।
भारत स्टेज (बीएस)-1, 2 और तीन उत्सर्जन मानदंडों का अनुपालन करने वाले सभी वाहनों को हर तीन महीने पर पीयूसी प्रमाणपत्र रिन्यू करना होगा। बीएस-4 उत्सर्जन मानदंडों का अनुपालन करने वाले सभी वाहनों के लिए पीयूसी प्रमाणपत्र की वैधता छह महीने होगी। नये नियम 19 नवंबर 2026 से लागू हो गए हैं। हालांकि जिन वाहनों का पीयूसी प्रमाणपत्र पहले रिन्यू कराया गया है या बना है, उनकी वैधता पहले से दी गई तारीख तक बनी रहेगी।

Comment List