मणिपुर में सुरक्षा बलों का बड़ा अभियान, हथियारों के जखीरें के साथ 4 उग्रवादी गिरफ्तार
उग्रवादी कड़ियों की गहन जांच
इम्फाल। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने पिछले दो दिनों में इम्फाल पश्चिमी, इम्फाल पूर्वी, थौबल और काकचिंग जिलों में अलग-अलग अभियान चलाकर भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद कर चार संदिग्ध उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। सुरक्षा बलों ने गुरुवार को एक बड़े ऑपरेशन में इम्फाल पश्चिमी जिले से हथियारों का जखीरा बरामद किया। बरामद सामान में तीन एके राइफल, एक 9 एमएम पिस्तौल, चार मैगज़ीन, अलग-अलग कैलिबर के 37 कारतूस और दो बाओफेंग रेडियो वायरलेस हैंडसेट शामिल थे।
ज़ब्त किए गए हथियारों और संचार उपकरणों को आगे की जांच के लिए अपने कब्ज़े में ले लिया गया है। गत 24 जून को चलाए गए एक अन्य ऑपरेशन में, सुरक्षा बलों ने थौबल जिले के नोंगपोक सेकमाई पुलिस थाना के तहत याइरीपोक काकमाई लमखाई से एक संदिग्ध उग्रवादी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि उसके पास से एक .32 पिस्तौल और तीन कारतूस भरी मैगज़ीन बरामद की गई। उसी दिन, सुरक्षा बलों ने इम्फाल पूर्वी ज़िले के पोरोमपट पुलिस थाना के तहत शागोलसेम पुखरी के पास से एक और संदिग्ध उग्रवादी को गिरफ़्तार किया।
थौबल ज़िले के खोंगजोम पुलिस थाना के तहत कल एक अलग ऑपरेशन में वांगजिंग सबल लीकाई से एक और संदिग्ध उग्रवादी को पकड़ा गया। इस बीच, 24 जून को काकचिंग ज़िले में एक संदिग्ध जबरन वसूली करने वाले को उसके इलाके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया है, जबकि गैर-कानूनी गतिविधियों में उनकी संलिप्तता का पता लगाने और किसी भी अतिरिक्त लिंक का पता लगाने के लिए जांच चल रही है।

Comment List