टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, हमले से पहले होटल में हथियारों की टेस्टिंग; 10 गिरफ्तार
हथियार सप्लायर्स पर भी शिकंजा
मुंबई। अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले की जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने वारदात से पहले हथियारों की टेस्टिंग की थी। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने उस जगह की पहचान की है, जहां उन्होंने हथियार चलाकर देखे थे।
जांच में पता चला कि अंधेरी के एक होटल के कमरे में हथियार की जांच के दौरान गलती से गोली चल गई, जो बिस्तर पर जा लगी। आरोपियों में से एक ने दो और दूसरे ने एक राउंड फायर कर हथियार की कार्यक्षमता जांची थी। पुलिस अब मुंबई के आसपास उस जगह की पड़ताल कर रही है, जहां कथित तौर पर शूटिंग का अभ्यास किया गया था।
इस मामले में मुंबई पुलिस ने बुधवार को दो और संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 10 हो गई है। पुलिस दोनों संदिग्धों की ट्रांजिट रिमांड के लिए हरियाणा के सोनीपत की अदालत में पेश करेगी। बताया जा रहा है कि हथियार उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Comment List