गरीबों के राशन के चावल में बड़ा घोटाला: 50,645 टन चावल खुले बाजार में बेचने का आरोप; CBI ने दर्ज किया केस, 28.87 करोड़ नुकसान
नियमों के उल्लंघन से सरकार को करोड़ों का नुकसान
नई दिल्ली। दिल्ली में दिहाड़ी मजदूरों, गरीबों और प्रवासी श्रमिकों के लिए आवंटित सब्सिडी वाले चावल में कथित गड़बड़ी के मामले में सीबीआई ने केस दर्ज किया है। मामला FCI दिल्ली के तत्कालीन अधिकारियों, NERAMAC के तत्कालीन प्रबंध निदेशक, कुछ अज्ञात सरकारी कर्मचारियों और अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है। जांच में आरोप है कि जरूरतमंदों के लिए आवंटित 50,645 मीट्रिक टन चावल खुले बाजार में अवैध रूप से बेच दिया गया।
इससे FCI को करीब 28.87 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। जांच के अनुसार FCI दिल्ली ने NERAMAC को 62,000 मीट्रिक टन चावल आवंटित किया था, जिसमें से 50,645 टन उठाया गया। यह चावल 23,200 रुपये प्रति टन की रियायती दर पर दिया गया, जबकि बाजार कीमत करीब 28,900 रुपये थी। जांच में ई-ऑक्शन नियमों और FIFO व्यवस्था के उल्लंघन के साथ भुगतान में भी अनियमितता सामने आई। अब सीबीआई मामले की जांच करेगी।

Comment List