मणिपुर में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी: 3 उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार बरामद और 26 बंकर नष्ट
तलाशी अभियान जारी
इम्फाल। सुरक्षा बलों ने मणिपुर में इम्फाल पश्चिम जिले में अलग-अलग जगहों से तीन संदिग्ध उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है और उनके बंकर नष्ट कर दिये हैं। पुलिस ने बुधवार को बताया कि सोमवार को इम्फाल पश्चिम में चलाए गए अलग-अलग अभियानों के दौरान दो लोगों को पकड़ा गया। वहीं, मंगलवार को एक और अभियान में सुरक्षा बलों ने इम्फाल पूर्व जिले से 36 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके पास से.22 कैलिबर की एक रिवॉल्वर और .22 बोर के नौ जिंदा कारतूस बरामद किए गये।
सुरक्षा बलों ने उखरुल जिले में उग्रवाद-विरोधी अभियान जारी रखा और दो दिनों में कुल 26 बंकर नष्ट कर दिये हैं। सुरक्षा बलों ने सोमवार को लिटन थाना क्षेत्र में बारह बंकर नष्ट किए गये, जिनमें शंकाई-मोंगकोट चेपु गांवों की पहाड़ी पट्टी पर स्थित दो बंकर और लीनगांगचिंग-सिकिबंग गांव की पहाड़ी पट्टी पर स्थित दस बंकर शामिल थे। अभियान के दौरान, सुरक्षा कर्मियों ने एक दूरबीन, अलग-अलग हथियारों के 21 खाली खोखे और एसबीबीएल गोला-बारूद के आठ जिंदा कारतूस बरामद किये।
इसके अलावा सुरक्षा बलों ने मंगलवार को चौदह और बंकर नष्ट किये, जिनमें मोंगकोट चेपु-पाटलिजांग पहाड़ी पट्टी पर पांच बंकर और लुंगफू जंक्शन-इंडस्ट्रियल एस्टेट सेंटर पहाड़ी पट्टी पर नौ बंकर शामिल थे। पहली जगह से 5.56 एमएम गोला-बारूद के दो खाली खोखे बरामद किए गये।

Comment List