भाजपा का मान सरकार पर निशाना : पंजाब के बिजली क्षेत्र को किया बर्बाद, जाखड़ ने कहा- राजनीतिक हितों के लिए बिजली निगम को किया कमजोर
घरेलू उपभोक्ता भी लंबे बिजली कटों से प्रभावित
चंडीगढ़। पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने शनिवार को राज्य की बिजली व्यवस्था को लेकर भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार के कुप्रबंधन और बिजली निगम की वित्तीय स्थिति कमजोर करने के कारण पंजाब मौजूदा बिजली संकट की ओर बढ़ रहा है। जाखड़ ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने राजनीतिक हितों के लिए बिजली निगम को आर्थिक रूप से कमजोर किया है, जिसके कारण राज्य में बिजली कटौती और संभावित बिजली संकट का खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि उद्योगों को लंबे समय तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है और घरेलू उपभोक्ता भी लंबे बिजली कटों से प्रभावित हैं। यह सरकार के कुप्रबंधन और राजनीतिक हितों के लिए बिजली निगम को पहुंचाये गये वित्तीय नुकसान को दर्शाता है।
भाजपा नेता ने कहा कि बिजली की कमी का असर पंजाब की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि मानसून कमजोर रहने के कारण सिंचाई की जरूरत बढ़ी है, लेकिन किसानों को दिन तो दूर, रात में भी पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही। जाखड़ ने चेतावनी दी कि आने वाला समय पंजाब के बिजली क्षेत्र के लिए और मुश्किल हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान राज्य की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय अपनी कुर्सी बचाने में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को मजाक के सहारे नहीं चलाया जा सकता और मौजूदा स्थिति प्रशासनिक जिम्मेदारियों पर पर्याप्त ध्यान नहीं देने का परिणाम है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने अपने राजनीतिक हितों के अनुरूप बिजली निगम की वित्तीय संरचना को बदलने का प्रयास किया, जिसने मौजूदा संकट को बढ़ाने में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि पंजाब की जनता सरकार को उसकी नीतियों और कामकाज के लिए जवाबदेह ठहराये।

Comment List