BPCL ने E20 पेट्रोल पर स्थिति की स्पष्ट, कहा- E10 लाने का कोई प्रस्ताव नहीं, लाखों वाहनों में इस्तेमाल से नहीं मिली समस्या
ई-20 से इंजन को कोई नुकसान नहीं
कोच्चि। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक संजय खन्ना ने कहा कि मौजूदा ई20 ब्लेंडेड पेट्रोल की जगह ई-10 लाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। खन्ना ने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया, जिससे ऐसा लगा कि ई-20 के विकल्प के तौर पर ई-10 पर विचार किया जा रहा है, जो कि सही नहीं है। उन्होंने कहा कि तीन साल से ज़्यादा समय से ई-20 पेट्रोल पर चल रहे लाखों वाहनों के बड़े पैमाने पर इस्तेमाल के अनुभव से इंजन खराब होने या इसके इस्तेमाल से जुड़ी किसी भी तरह की समस्या का कोई सबूत नहीं मिला है।
खन्ना के मुताबिक ई-20 पेट्राेल प्रदूषण कम करने, ग्रामीण इलाकों में खुशहाली लाने और विदेशी मुद्रा बचाने में मदद करता है। उन्होंने कहा कि बीपीसीएल राष्ट्रीय इथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम का समर्थन करता रहेगा और पेट्रोल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। खन्ना ने गुरुवार को कंपनी की सालाना आम बैठक (एजीएम) के बाद इस मामले पर स्थिति स्पष्ट की।

Comment List