सीएम फडणवीस ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को बताया नई पीढ़ी का प्रतिनिधि, संगठन में बदलाव का प्रतीक
कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की प्रशंसा करते हुए उन्हें नयी पीढ़ी का प्रतिनिधि बताया और कहा कि वह पार्टी संगठन में आए बदलाव, नयी ऊर्जा और नये लोगों का प्रतीक हैं। फडणवीस ने बुधवार को कहा कि भाजपा भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है और यह दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। उन्होंने कहा कि नयी पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करने वाले नवीन पार्टी संगठन में हो रहे बदलाव और नयी ऊर्जा का प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा, "नवीन बिहार से लगातार चार बार विधायक चुने गए हैं। वह कई वर्षों से पार्टी के महाराष्ट्र प्रभारी के रूप में महाराष्ट्र का दौरा करते रहे हैं और यहां भाजपा के कई कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत रूप से जानते हैं। वह राज्य के अलग-अलग हिस्सों से परिचित हैं।" सीएम ने कहा कि चल रहे गणेश उत्सव के दौरान नवीन को मुंबई आने के लिए आमंत्रित किया गया था और उन्होंने निमंत्रण स्वीकार करने के लिए नवीन का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव महाराष्ट्र के प्रमुख त्योहारों में से एक है। उन्होंने यह भी कहा कि गणेशोत्सव और शिव जयंती जैसे त्योहार पूरे राज्य में बहुत उत्साह के साथ मनाए जाते हैं। फडणवीस ने कहा, "आज नवीन के मुंबई दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ श्रद्धालुओं में भी उत्साह बढ़ा है।" भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद पहली बार महाराष्ट्र के दौरे पर आए श्री नवीन कहा कि वह महाराष्ट्र की पवित्र भूमि पर आकर खुद को भाग्यशाली महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "पूरे राज्य और देश में गणेशोत्सव मनाया जा रहा है। इस उत्सव और भक्ति के माहौल के बीच यहां आना मेरे लिए बहुत सौभाग्य की बात है।" उन्होंने फडणवीस की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री खुद को युवाओं और महिलाओं के बड़े भाई के रूप में पेश करते हैं।

Comment List