बारुईपुर कांड: नाबालिग की हत्या और युवक की लिंचिंग के बाद दोनों परिवारों से मिलेंगे CM शुभेंदु अधिकारी, 5 गिरफ्तार
मुख्यमंत्री के दौरे से न्याय की उम्मीदें बढ़ीं
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बारुईपुर में दुष्कर्म और हत्या की शिकार हुई नाबालिग के परिवार से मिलते हुए उस व्यक्ति के परिवार से भी शनिवार को मिलेंगे जिसे अपराध में शामिल होने के संदेह में भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला था। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री का बारुईपुर का यह दौरा इंद्रजीत मंडल की लिंचिंग के मामले में पुलिस द्वारा तीन और लोगों को गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद हो रहा है, जिससे इस मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
लड़की का शव बारुईपुर के सूर्यपुर में एक तालाब से मिला था। पुलिस ने कहा कि उन्होंने नाबालिग के सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शव मिलने के बाद इलाके में अशांति फैल गई, जिसके दौरान मंडल को उसके घर से खींचकर बाहर निकाला गया और भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला क्योंकि उन्हें संदेह था कि वह अपराध में शामिल था। मुख्यमंत्री ने इस सप्ताह की शुरुआत में इलाके का दौरा करने के बाद इंद्रजीत के निर्दोष होने और उसके परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। लड़की का शव मिलने के बाद हुई हिंसा के सिलसिले में पुलिस ने कई मामले दर्ज किए हैं। लिंचिंग मामले में पांच गिरफ्तारियों के अलावा अशांति के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमलों और रेलवे जाम करने के आरोप में कई अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
सीएम अधिकारी ने पहले बारुईपुर के पुलिस अधीक्षक के कार्यालय का दौरा किया, जहां वह नाबालिग पीड़िता और मंडल दोनों के परिवारों से मिले। उन्होंने उन्हें भरोसा दिलाया कि जिम्मेदार सभी लोगों को कड़ी सजा दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने पीड़िता के परिवार की मांग पर सूर्यपुर में एक नयी पुलिस चौकी बनाने की भी घोषणा की। चौकी पांच दिनों के भीतर बनकर तैयार हो गई है और शनिवार को मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान इसका उद्घाटन करेंगे।
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार शुभेंदु अधिकारी पहले नाबालिग पीड़िता के घर जाएंगे और उसके बाद इंद्रजीत मंडल के घर जाएंगे। इसके बाद वह कोलकाता लौटने से पहले नयी बनी पुलिस चौकी का उद्घाटन करेंगे। इंद्रजीत के परिवार का आरोप है कि वह घर पर सो रहा था और इसी बीच कुछ लोगों का समूह घर में घुसा और उसे खींचकर बाहर निकाला और बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। पीड़िता की मां ने कहा कि उन्होंने अपना 'सबसे कीमती खजाना' खो दिया है और अब न्याय दिलाने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री पर छोड़ दी है। उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान परिवार अपनी मांगें और शिकायतें उनके सामने रखेगा। प्रशासन ने परिवार के घर की मरम्मत करवाई है और घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। परिवार के सदस्यों ने कहा कि वे पुलिस और राज्य सरकार की अब तक की कार्रवाई से संतुष्ट हैं।

Comment List