सीएम योगी का कांग्रेस पर हमला, अयोध्या में हनुमानगढ़ी दर्शन के बाद मछली भोज को बताया दोहरा आचरण, बोले-बेशर्मी की भी सीमा होती है
विरासत का सम्मान करने के बजाय करते हैं अपमान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के अयोध्या में हनुमानगढ़ी के दर्शन करने और इसके बाद मछली भोज में शामिल होने को लेकर सवाल उठाते हुए इसे पार्टी का दोहरा आचरण करार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देश की एकता और स्वाधीनता की लड़ाई को आगे बढ़ाना है तो सभी को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लोग देश की विरासत का सम्मान करने के बजाय उसका अपमान करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का आचरण भी लोगों ने देखा है। वह अयोध्या में हनुमानगढ़ी के दर्शन करने जाते हैं और इसके बाद मछली भोज की दावत उड़ाते हैं। योगी ने कहा, “ये राम-राम चिल्लाते हैं, बेशर्मी की भी सीमा होती है। किसने कहा था हनुमानगढ़ी जाने के लिए और मछली खानी थी तो अयोध्या के बाहर जाकर खा लेते।”
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह उसका दोहरा आचरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को देखकर तो गिरगिट भी शरमा जाता होगा कि मनुष्य के रूप में यह कौन सी प्रजाति आ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ कांग्रेस नेता मंदिर में जाकर राम-राम चिल्लाते हैं और बजरंगबली के मंदिर में दंडवत होने का ढोंग करते हैं, जबकि दूसरी तरफ बाहर जाकर मछली की दावत उड़ाते हैं। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के कथित पुराने आचरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के भाई की हत्या एक माफिया ने की थी, लेकिन उन्होंने उस माफिया के खिलाफ बयान देने की बजाय उसके सामने घुटने टेक दिए और नतमस्तक हो गए।
योगी ने कहा कि पिछली सरकारों में माफिया का प्रभाव इतना बढ़ गया था कि उत्तर प्रदेश को माफिया प्रदेश बना दिया गया था। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के सत्ता में आने के बाद माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई और उनके प्रभाव को समाप्त किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया गया है और सरकार अपराध एवं माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

Comment List