कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला: पेट्रोल-डीजल उत्पाद शुल्क कटौती को बताया 'जनता से वसूली का खेल', राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश का लगाया आरोप
ईंधन कटौती पर प्रहार: प्रमोद तिवारी ने बताया 'जनता से वसूली का खेल'
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कटौती को मोदी सरकार का राजनीतिक स्टंट करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 के मुकाबले करों में भारी वृद्धि कर लाखों करोड़ वसूले गए, और अब मामूली राहत को "उपकार" बताया जा रहा है। तिवारी ने इसे जनता पर बढ़ता आर्थिक बोझ और चुनावी लाभ की कोशिश कहा।
नई दिल्ली। राज्यसभा में उप नेता विपक्ष प्रमोद तिवारी ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती को लेकर शुक्रवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ईधन में उत्पाद शुल्क कटौती 'जनता से वसूली का खेल' है। प्रमोद तिवारी ने आरोप लगाया कि सरकार पहले जनता से भारी वसूलती है और बाद में मामूली राहत देकर उसे "उपकार" के रूप में पेश करती है। उन्हाेंने कहा कि वर्ष 2014 में पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क 9.48 रूपए प्रति लीटर और डीजल पर 3.56 रूपए प्रति लीटर थी, जो अब बढ़कर क्रमशः लगभग 32.98 रूपए और 31.83 रुपए प्रति लीटर हो गई है। उन्होंने इसे जनता पर बढ़ता आर्थिक बोझ बताते हुए कहा कि सरकार ने इन करों के जरिए लाखों करोड़ रुपये वसूले हैं।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि अब सरकार खुद को राहत देने वाली बताकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है, जबकि आम लोगों की परेशानी कम नहीं हुई है। अंत में उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "लगता है जो फाइल है, उसका कुछ असर अब दिमाग पर भी दिखने लगा है।" गौरतलब है कि सरकार ने आज पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क को 10 रुपए प्रति लीटर घटा दिया है। इससे पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क घटकर तीन रुपए प्रति लीटर हो गई है। वहीं, डीजल पर यह जीरो रुपए प्रति लीटर हो गई है।

Comment List