दशमी 2 दिन, दशहरा एक दिन… 20 या 21 को होगा रावण दहन?
सूर्यास्त के बाद होगा रावण दहन
नई दिल्ली। बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक विजयदशमी का पर्व इस साल 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा। आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को मनाए जाने वाले इस त्योहार पर देशभर में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। हालांकि, दशमी तिथि दो दिन रहने के कारण पर्व की तारीख को लेकर लोगों में असमंजस है।
यह रहेगा विजय मुहूर्त
फ्यूचर पंचांग के अनुसार, दशमी तिथि 20 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर 51 मिनट से शुरू होकर 21 अक्टूबर को दोपहर 2 बजकर 11 मिनट तक रहेगी। पंचांग के मुताबिक, विजयदशमी 20 अक्टूबर को मनाई जाएगी। इस दिन विजय मुहूर्त दोपहर 1 बजकर 59 मिनट से 2 बजकर 45 मिनट तक रहेगा। इस अवधि में शमी वृक्ष और माता अपराजिता की पूजा करना शुभ माना गया है।
सूर्यास्त के बाद होगा रावण दहन
20 अक्टूबर को सूर्यास्त शाम 5 बजकर 47 मिनट पर होगा। परंपरा के अनुसार, रावण दहन सूर्यास्त के बाद किया जाता है। ऐसे में विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले दशहरा उत्सवों में शाम को रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा।
धर्म और शक्ति की विजय का पर्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, विजयदशमी के दिन भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर धर्म की स्थापना की थी। वहीं, मां दुर्गा द्वारा महिषासुर का संहार भी शक्ति की विजय का प्रतीक माना जाता है। उत्तर भारत में रामलीला और रावण दहन प्रमुख आकर्षण रहते हैं, जबकि पूर्वी भारत में दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन के साथ पर्व मनाया जाता है। इस दिन शस्त्र पूजन और नए कार्यों की शुरुआत करना भी शुभ माना जाता है।

Comment List