फूल विक्रेता महिला से मारपीट करने वाले आप के विधायक के बेटे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे दिल्ली पुलिस: भाजपा
पुलिस प्राथमिकी दर्ज
नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक नितिन त्यागी ने दिल्ली कैंट से आम आदमी पार्टी के विधायक वीरेन्द्र कादयान के पुत्र अंकित कादयान द्वारा एक महिला फूल विक्रेता से मारपीट करने की कड़ी निंदा की है और पुलिस से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। त्यागी ने शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि कादयान ने अपने कर्मचारी को भेजकर इस महिला की दुकान से पुष्प गुच्छ मंगवाया और फिर उसके पैसे ना देने की शिकायत करने पर दिल्ली कैंट बोर्ड के अधिकारियों से उस महिला का फूल का स्टाल हटवा दिया।
उन्होंने बताया कि जब यह महिला विधायक निवास पर शिकायत लेकर पहुंची तो विधायक के पुत्र अंकित कादयान ने ना सिर्फ अपने साथियों से बल्कि खुद भी उनसे और उनके दो वर्ष के बच्चे से मारपीट की। यहीं नहीं विधायक ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए आठ से नौ दिन तक इस मामले में महिला की शिकायत पर पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने से भी रोका। अंततः भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं के दबाव में पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करनी पड़ी।
त्यागी ने कहा कि कल सुबह करोलबाग भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल दक्षिण-पश्चिम जिला के पुलिस उपायुक्त से मिलकर विधायक और उनके पुत्र के विरूद्ध सख्त कानूनी की मांग करेगा। उन्होंने आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल से सवाल किया कि मात्र 100 रूपए के फूलों के लिए एक महिला फूल विक्रेता से उनके बच्चे से मारपीट करवाने वाले अपने विधायक पर कार्रवाई कब करेंगे।

Comment List