पंजाब में मादक पदार्थ तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ : 6 आरोपी गिरफ्तार, हेरोइन और 8 पिस्तौल बरामद
ड्रोन के माध्यम से हथियार और नशीले पदार्थों की खेप पहुंचाई जाती थी
अमृतसर। पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर और काउंटर इंटेलिजेंस, अमृतसर ने दो अलग-अलग अभियानों में हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2.920 किलोग्राम हेरोइन और आठ हाई-एंड पिस्तौल बरामद की हैं। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सीमा पार से हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल थे। उन्हें ड्रोन के माध्यम से हथियार और नशीले पदार्थों की खेप पहुंचाई जाती थी, जिन्हें आगे पंजाब में आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाना था।
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं। जांच एजेंसियां तस्करी नेटवर्क से जुड़े सभी संपर्कों का पता लगाने के साथ-साथ इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हैं। पंजाब पुलिस ने कहा कि सीमा पार से होने वाली तस्करी पर कड़ी निगरानी जारी है और मादक पदार्थों तथा अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Comment List