भारत के ईंधन बाजार पर दिखा युद्ध का असर : नायरा कंपनी ने बढ़ाएं पेट्रोल-डीजल के दाम, जानें कितनी बढ़ी कीमतें
डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा
ईरान-अमेरिका-इजराइल तनाव का असर भारत के ईंधन बाजार पर दिखने लगा है। नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये महंगा किया। होर्मुज जलडमरूमध्य में सप्लाई बाधित होने से कच्चा तेल दबाव में है। कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर कतारें लगीं। नायरा रिफाइनरी के 35 दिन बंद रहने से आपूर्ति संकट और गहरा सकता है।
नई दिल्ली। ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत के ईंधन बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है। एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल और डीजल भी महंगे हो गए हैं। देश की प्रमुख निजी ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की है।
मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के चलते होर्मुज जलडमरूमध्य से कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे वैश्विक स्तर पर तेल की उपलब्धता पर दबाव बढ़ा है। इसका असर भारत में भी देखने को मिल रहा है, जहां कई शहरों में लोग संभावित कमी के डर से पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं। कुछ जगहों पर ‘नो स्टॉक’ के बोर्ड भी लगाए गए हैं।
स्थिति को और चुनौतीपूर्ण बनाते हुए, रोसनेफ्ट समर्थित नायरा एनर्जी की रिफाइनरी अप्रैल की शुरुआत से करीब 35 दिनों के लिए मेंटेनेंस के चलते बंद रहेगी। 20 मिलियन टन सालाना क्षमता वाली इस रिफाइनरी के बंद होने से देश की कुल रिफाइनिंग क्षमता में लगभग 8 प्रतिशत की कमी आ सकती है। इससे आने वाले समय में ईंधन आपूर्ति पर और दबाव बढ़ने की आशंका है।

Comment List