पहले लोन की डिटेल बताई, फिर खाते खाली करने का खेल! 3 ग्राहकों से की 86 हजार की ठगी
ग्राहकों को दिया था अलग-अलग लोन
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का नया मामला देखने को मिला है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामले में अज्ञात आरोपियों ने निजी ऋण कंपनी का कर्मचारी बनकर 3 ग्राहकों को झांसे में लिया और उनसे कुल 86 हजार 800 रुपये अपने बताए बैंक खातों में जमा करा लिए। मामले की शिकायत फायनेंस कंपनी के अधिकारियों ने पुलिस से की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामला मोवा स्थित क्रेडिट सी लोन मेघदूत मर्केनटाइल प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है। कंपनी कर्मचारी प्रद्युमन लिमसाखरे ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है। कंपनी की ओर से तीन ग्राहकों को अलग-अलग लोन दिया गया था।
आरोप है कि इसके बाद अज्ञात व्यक्तियों ने संबंधित ग्राहकों के मोबाइल नंबर पर फोन और वॉट्सऐप के माध्यम से संपर्क किया। आरोपियों ने खुद को क्रेडिट सी लोन का कर्मचारी बताते हुए ग्राहकों को उनके लोन से संबंधित जानकारी दी। कंपनी और लोन से जुड़ी जानकारी बताने के कारण ग्राहकों ने उन पर भरोसा कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने बैंक डिटेल और अन्य जानकारी हासिल करने की कोशिश की तथा लोन की रकम से संबंधित लेनदेन का हवाला देकर ग्राहकों को अपने बताए खातों में पैसे जमा कराने के लिए कहा। तीनों ग्राहकों ने अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 86,800 रुपए जमा कर दिए। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने उनसे संपर्क बंद कर दिया।
घटना सामने आने के बाद फायनेंस कंपनी के अधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों, वॉट्सऐप चैट और बैंक खातों से संबंधित जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों तक कंपनी के ग्राहकों और उनके लोन से जुड़ी जानकारी किस माध्यम से पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने साइबर ठगी से बचने के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों ने कहा है कि लोन, किस्त या भुगतान के नाम पर फोन करने वाले किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक डिटेल, पासवर्ड, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार की रकम जमा करने से पहले संबंधित कंपनी के अधिकृत नंबर पर संपर्क कर जानकारी की पुष्टि जरूर करें।

Comment List