बिहार में महिलाओं की सुरक्षा के लिए 4700 बाइक-स्कूटी तैनात, 70 वाहन से ‘पुलिस दीदी’ करेंगी पेट्रोलिंग
स्कूल, कॉलेज, मॉल, बाजार और सुनसान इलाकों में नियमित गश्त
पटना। महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से बिहार सरकार ने राज्य में 4700 बाइक-स्कूटी उपलब्ध कराई है,जिनमे गया जिले को 70 बाइक-स्कूटी मिली हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुशील कुमार ने हरि झंडी दिखा कर इन स्कूटियों को पुलिस लाइन से रवाना किया। एसएसपी कुमार ने बताया कि इन वाहनों से महिला पुलिसकर्मी और महिला पदाधिकारी ‘पुलिस दीदी’ के रूप में थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग करेंगी।
पुलिस दीदी स्कूल, कॉलेज, बाजार, मॉल और अन्य ऐसे सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखेंगी, जहां महिलाओं और छात्राओं का अधिक आवागमन होता है। इसके साथ ही सुनसान और संवेदनशील इलाकों में भी नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी। छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणी, हिंसा या अन्य आपत्तिजनक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस दीदी लोगों को आपातकालीन सेवा 112 के प्रति भी जागरूक करेंगी और जरूरत पड़ने पर मौके पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराने के साथ संबंधित थाना और 112 टीम को सूचना भी देगी। महिला पुलिसकर्मी स्कूल-कॉलेजों में पहुंचकर छात्राओं और शिक्षकों से संवाद करेंगी तथा सुरक्षा संबंधी समस्याओं की जानकारी लेंगी। गया में 70 बाइक-स्कूटी का वितरण हॉटस्पॉट और थाना क्षेत्र की जरूरत के आधार पर किया गया है। जिले में थाना क्षेत्रों को दो से तीन वाहन भी दिए गए हैं।

Comment List