नेपाल त्रासदी पर विदेश मंत्रायल का बयान : 288 भारतीय लापता, कैलाश मानसरोवर यात्रा में फंसे 200 यात्री
नेपाल में बने हालात पर लगातार नजर
नई दिल्ली। नेपाल में भोटेकोशी नदी में अचानक आई बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बाद बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों के प्रभावित होने की सूचना है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया है कि नेपाल में 288 भारतीयों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। इनमें कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए करीब 200 यात्री भी शामिल हैं। भारत सरकार नेपाल में बने हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और नेपाली प्रशासन के साथ समन्वय कर राहत एवं बचाव अभियान में सहयोग कर रही है। आपदा के बाद राहत और बचाव टीमों ने अब तक 21 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया है। वहीं, लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है, क्योंकि कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन के कारण आवागमन प्रभावित हुआ है।
नेपाल के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में संचार व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होने से लापता भारतीयों से संपर्क स्थापित करने में परेशानी आ रही है। भारतीय अधिकारी नेपाली प्रशासन और स्थानीय एजेंसियों के संपर्क में हैं। आपदा के बीच केरल के 33 लोगों से संपर्क नहीं हो पाने की जानकारी भी सामने आई है। अधिकारियों की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद भारतीय नागरिकों की जानकारी जुटाई जा रही है और संपर्क स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कैलाश मानसरोवर यात्रा पर नेपाल के रास्ते गए करीब 200 भारतीय यात्रियों के फंसे होने की सूचना ने चिंता बढ़ा दी है। भारत सरकार यात्रियों की सुरक्षा की जानकारी जुटा रही है। फंसे हुए यात्रियों तक पहुंच बनाने और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की प्राथमिकता है। विदेश मंत्रालय ने नेपाल में पैदा हुए हालात को लेकर संबंधित अधिकारियों को सक्रिय किया है।

Comment List