खौफनाक! 9 बच्चों की मां ने सोते हुए पति को कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट, पत्नी ने कबूला जुर्म
पति की हत्या के बाद खुद ही बनी गवाह
खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में पति की कथित रूप से कुल्हाड़ी से हत्या करने के आरोप में पुलिस ने उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार चैनपुर थाना क्षेत्र के बाजार खोदरा चिड़िया गांव निवासी रूमली बाई डुडवे पर अपने पति इडा डुडवे की हत्या का आरोप है। भीकनगांव के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) केतन अडलक ने बताया कि 10 जुलाई को मृतक के भाई भूरू डुडवे ने सूचना दी थी कि रात में किसी अज्ञात व्यक्ति ने इडा डुडवे की हत्या कर दी है। सूचना पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक तौर पर मामला बाहरी हमलावर का प्रतीत हुआ, क्योंकि मृतक की पत्नी ने भी यही दावा किया था।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद होने की जानकारी मिली। पूछताछ में महिला के बयानों में विरोधाभास मिलने पर उसने कथित रूप से स्वीकार किया कि उसके पति के दूसरी महिला से संबंध होने का संदेह था और उसे आशंका थी कि वह उसे तथा उनके नौ बच्चों को छोड़ सकता है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। पुलिस के अनुसार नौ और 10 जुलाई की दरमियानी रात पति के सो जाने के बाद महिला ने कथित रूप से कुल्हाड़ी से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद महिला ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या किए जाने की कहानी बताकर जांच को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर घटना का खुलासा हो गया। महिला ने कथित रूप से बताया कि उसने सच्चाई इसलिए छिपाई क्योंकि उसे ससुराल पक्ष से अपनी जान का भय था। एसडीओपी ने बताया कि दंपती के नौ बच्चे हैं। बच्चों की देखभाल फिलहाल मृतक के बड़े भाई और उनकी नानी को सौंपी गई है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त कर मामले की जांच जारी रखी है।

Comment List