मेरठ में भीषण हादसा: तीन मंजिला इमारत में आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत, बचाव और राहत कार्य जारी
मेरठ अग्निकांड: तीन मंजिला मकान में आग से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
मेरठ के किदवई नगर में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में पांच बच्चों सहित छह लोगों की मौत हो गई। संकरी गलियों के कारण राहत कार्य में देरी हुई।
मेरठ। उत्तर प्रदेश में मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर इस्लामाबाद में सोमवार रात एक तीन मंजिला मकान में लगी भीषण आग ने एक ही परिवार के छह लोगों की जिंदगी निगल ली। मरने वालों में पांच मासूम बच्चे और एक महिला शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, कपड़ा कारोबारी इकबाल अहमद के मकान में लगी एक चिंगारी ने पूरे परिवार का चिराग बुझा दिया और किदवई नगर की वह रात हमेशा के लिए सन्नाटे में बदल गई। हादसे के समय इकबाल और उनके दोनों बेटे, आसिम व फारूक, तरावीह की नमाज के लिए मस्जिद गए हुए थे। घर के भीतर मौजूद महिलाएं और बच्चे अचानक भड़की आग और घने धुएं में घिर गए।
देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप ले लिया। चीख-पुकार से गूंज उठी गली नंबर-3 की तंग बस्ती। पड़ोसी दौड़े, पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई लेकिन संकरी गलियों ने दमकल की गाड़यिों की रफ्तार रोक दी। ऐसे में स्थानीय लोगों ने छतों के रास्ते घर में घुसकर राहत कार्य शुरू किया और निजी संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार मृतकों में आसिम की पत्नी रुखसार, उनका तीन वर्षीय बेटा अकदस, छह माह की जुड़वां बेटियां नबिया और इनायत, तथा फारूक के बच्चे, मेहविश और हम्माद शामिल हैं। सभी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण झुलसना और दम घुटना बताया गया है।
हादसे में इकबाल की पत्नी अमीर बानो और शहजाद नामक युवक गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दोनों का इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया गया है कि मकान के प्रथम तल पर आई संस एम्ब्रॉयडरी का कारखाना चलता था जबकि ऊपरी मंजिल पर परिवार निवास करता था। रात करीब दस बजे अचानक आग भड़की और कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत धुएं से भर गई।
घटना की सूचना मिलते ही मेरठ के जिला मजिस्ट्रेट डॉ. वीके सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय, पुलिस उप महानिरीक्षक कलानिधि नैथानी और पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे। जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

Comment List