बॉस हो तो ऐसा : दिवाली बोनस में मिला आईफोन 16, वीडियो देख लोगों ने पूछा- नौकरी मिलेगी क्या?
ऑफिस पहुंचते ही कर्मचारियों की टेबल पर मिला आईफोन
नई दिल्ली। दिवाली पर कंपनियों की ओर से कर्मचारियों को मिठाई, सूखे मेवे और दूसरे उपहार देना आम बात है, लेकिन दिल्ली की एक कंपनी ने इस बार बोनस के नाम पर ऐसा तोहफा दिया कि हर कोई हैरान रह गया। कंपनी ने अपने कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट के रूप में आईफोन 16 दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग कंपनी की जमकर चर्चा कर रहे हैं।
टेबल पर रखे थे चमचमाते आईफोन
रोहिणी स्थित कंपनी 'फाइनेंसरसाब' ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर दिवाली सेलिब्रेशन का 15 सेकंड का वीडियो साझा किया है। इसमें ऑफिस की हर टेबल पर कंप्यूटर के सामने आईफोन 16 रखा नजर आ रहा है। सभी फोन को रंग-बिरंगे रिबन से सजाया गया है। वीडियो में कर्मचारियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही है। कंपनी ने वीडियो के साथ मजेदार अंदाज में लिखा, 'कोई कॉम्पिटिशन नहीं, आपको क्या मिला?'
किसी ने पूछा- नौकरी मिलेगी क्या?
वीडियो वायरल होते ही कमेंट्स की बाढ़ आ गई। कुछ यूजर्स ने इसे एआई से बनाया गया वीडियो समझा, जिस पर कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह बिल्कुल असली है। एक यूजर ने मजाक में पूछा कि क्या कंपनी में कोई वैकेंसी है? वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि ऐसे वीडियो देखकर जलन से बचने के लिए दिवाली पर इंस्टाग्राम बंद रखना ही बेहतर है। एक यूजर ने तो यह तक लिख दिया कि उन्हें अपने ऑफिस से सोनपापड़ी का डिब्बा भी नसीब नहीं हुआ। कुल मिलाकर, कंपनी का यह दिवाली गिफ्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।

Comment List