प्रदर्शन में शामिल हुए इमरान खान, अब भारत छोड़ने का नोटिस!
इमरान ने नोटिस प्राप्त कर लिया है
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए सीजेपी प्रदर्शन में शामिल होने के बाद मुंबई पुलिस ने अभिनेता को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इमरान ने नोटिस प्राप्त कर लिया है।
इमरान खान अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास भारत का ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) कार्ड है। इसी आधार पर प्रदर्शन में उनकी भागीदारी को लेकर कानूनी सवाल उठे हैं। पुलिस ने इमिग्रेशन कानून के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है। इस मामले में भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने पहले ही इमरान के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी करने की मांग की थी। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर सवाल उठाया था कि अमेरिकी नागरिक और ओसीआई कार्डधारक होने के बावजूद अभिनेता घरेलू राजनीतिक प्रदर्शन में क्यों शामिल हुए।
इमरान खान प्रदर्शन में पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें हिरासत में लिए जाने का वीडियो भी सामने आया था। अब नोटिस जारी होने के बाद मामला चर्चा में है। हालांकि, नोटिस के कानूनी आधार और आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक पक्ष की पुष्टि जरूरी है।

Comment List