केरल विधानसभा चुनाव 2026: हिंदू विधायक वाले बयान के बाद भाजपा उम्मीदवार पर एफआईआर
केरल चुनाव 2026: 'हिंदू विधायक' वाले बयान पर मचा सियासी बवाल
केरल की गुरुवायूर सीट से भाजपा प्रत्याशी बी. गोपालकृष्णन के 'हिंदू विधायक' वाले बयान पर एफआईआर दर्ज होने के बाद विवाद गहरा गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने उनका बचाव करते हुए मंदिर के मुद्दों को उठाया। वहीं, कांग्रेस ने चंद्रशेखर पर चुनावी हलफनामे में ₹200 करोड़ की संपत्ति छिपाने का आरोप लगाते हुए उनकी उम्मीदवारी रद्द करने की मांग की है।
नई दिल्ली। केरल विधानसभा चुनाव 2026 की सरगर्मियों के बीच गुरुवायूर सीट से भाजपा प्रत्याशी बी. गोपालकृष्णन के हिंदू विधायक वाले बयान ने बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। पुलिस द्वारा मामला दर्ज करने के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर उनके बचाव में उतर आए हैं। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि गोपालकृष्णन ने किसी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी नहीं की। उन्होंने सिर्फ यह पूछा कि गुरुवायूर जैसे क्षेत्र में एक हिंदू विधायक की जरूरत है या नहीं।
ऐसे सवाल उठाना गलत नहीं: चंद्रशेखर ने आगे कहा कि सबरीमाला में सोने के नुकसान और गुरुवायूर मंदिर से पैसे गायब होने की खबरों के बाद भक्तों की समस्याएं सामने आई हैं। ऐसे में यह सवाल उठाना गलत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि गुरुवायूर ने पिछले पांच दशकों से किसी हिंदू विधायक को नहीं चुना। भाजपा प्रत्याशी बी. गोपालकृष्णन के बचाव में आए चंद्रशेखर खुद भी अपनी संपत्ति छिपाने के आरोपों और कांग्रेस की उम्मीदवारी रद्द करने की मांग का सामना कर रहे हैं। चंद्रशेखर ने चुनावी हलफनामे में 93 करोड़ रु. से अधिक की संपत्ति बताई है। जबकि कांग्रेस का आरोप है कि राजीव चंद्रशेखर ने हलफनामे में 200 करोड़ की संपत्ति छिपाई।

Comment List