कुलगाम आतंकवादी हमला: उमर ने मारे गए मजदूरों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये देने का किया ऐलान
मुख्यमंत्री ने निर्दोष लोगों की जान जाने पर गहरा शोक व्यक्त किया
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कुलगाम जिले में हुए आतंकवादी हमले में दो मजदूरों की हत्या की कड़े शब्दों में निंदा की और मृतकों के परिजनों के लिए 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार यह सहायता राशि 'मुख्यमंत्री राहत कोष' से दी जायेगी और यह जिला प्रशासन की छह- छह लाख रुपये की वित्तीय सहायता के अलावा होगा। मुख्यमंत्री ने निर्दोष लोगों की जान जाने पर गहरा शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। अब्दुल्ला ने दोहराया कि सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार शाम कुलगाम जिले के केलम क्षेत्र में हुए आतंकवादी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूर मारे गए थे। आतंकियों ने दोनों मजदूरों पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों में से एक 24 वर्षीय दीपक रात्रे ने जीएमसी अनंतनाग में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। गंभीर रूप से घायल दूसरे मजदूर 28 वर्षीय भूपेंद्र को विशेष इलाज के लिए शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज भेजा गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई। इस हमले की विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों ने कड़ी निंदा की है।

Comment List