दिल्ली में गुरु रंधावा के जिम के बाहर फायरिंग, लॉरेंस गैंग ने ली हमले की जिम्मेदारी !
घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं
नई दिल्ली। पश्चिम विहार इलाके में पंजाबी गायक गुरु रंधावा के जिम के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार बदमाशों ने जिम के बाहर पहुंचकर कई राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। फायरिंग से जिम के शीशों को नुकसान पहुंचा, जबकि घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके आने-जाने के रास्तों का पता लगाया जा सके।
इस बीच सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट और एक ऑडियो क्लिप वायरल हो रही है, जिसमें कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले व्यक्ति द्वारा इस हमले की जिम्मेदारी लेने की बात कही जा रही है। ऑडियो में फायरिंग के पीछे कुछ व्यक्तिगत कारणों का भी जिक्र किया गया है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वायरल सामग्री की सत्यता की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

Comment List