नीट विवाद पर BJP का पलटवार, नितिन नवीन बोले- विपक्ष बहस से डर रहा, सदन में आए और सवाल पूछे
नीट पर संसद में चर्चा से क्यों भाग रहा विपक्ष
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने कांग्रेस और अन्य विपक्ष दलों को नीट मुद्दे पर संसद में चर्चा करने की चुनौती देते हुए कहा है कि सरकार उनके हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। नवीन ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष चर्चा से भाग रहा है, क्योंकि वे जानते हैं कि जैसे ही वे सदन में आएंगे, देश की जनता और युवाओं के सामने उनका दोहरा चरित्र पूरी तरह से उजागर हो जाएगा।
उन्होंने कहा, "हम पूरे विपक्ष को खुली चुनौती देते हैं। आइए, सदन में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) समेत छात्रों और युवाओं से जुड़े हर मुद्दे पर खुली चर्चा करें। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार हर विषय पर बातचीत करने और हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।" उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और विपक्ष का राजनीतिक इतिहास चर्चा से बचने का रहा है। इसीलिए, सदन में बहस का सामना करने के बजाय वे इससे भागते हैं।

Comment List