फारूक के बयान पर मनोज सिन्हा का पलटवार, बोले- कुछ लोग फिर कश्मीर को आग में झोंकना चाहते हैं
बयान से गरमाई सियासत
जम्मू। कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पाकिस्तान के बारे में की गई हालिया टिप्पणियों को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर परोक्ष रूप से तंज कसते हुए आरोप लगाया कुछ तत्व जम्मू-कश्मीर को वापस अलगाववाद, आतंकवाद और हिंसा की ओर धकेलने की कोशिश कर रहे हैं। अब्दुल्ला का नाम लिए बिना सिन्हा ने कहा कि कुछ लोग जम्मू-कश्मीर में कायम शांति, स्थिरता और प्रगति को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की उपलब्धियों को स्वीकार करने के बजाय वे अलग तरह से बात कर रहे हैं।
श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए सिन्हा ने कहा, "भारत की बात करने के बजाय वे उस देश की बात करते हैं जहां लोगों को आटे के लिए कतारों में खड़ा होना पड़ता है। दुनिया भर के हर अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थापित भारत के गौरव को स्वीकार करने के बजाय, वे अलग बोली बोलते हैं।" उनकी यह टिप्पणी अब्दुल्ला द्वारा हाल ही में खड़े किए गए राजनीतिक विवाद के कुछ दिनों बाद आई है। अब्दुल्ला ने कथित तौर पर कहा था कि पड़ोसी देश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कश्मीर मुद्दे को जीवित रखकर कश्मीर के लोगों की रक्षा कर रहा है। भाजपा ने अब्दुल्ला के इस बयान को देशद्रोही करार देते हुए माफी की मांग की थी।
इस तरह के बयान का परोक्ष संदर्भ देते हुए सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में ऐसे लोग हैं जो इस क्षेत्र को वापस अलगाववाद, आतंकवाद और हिंसा में धकेलना चाहते थे। उन्होंने कहा, "मैं उनसे कहना चाहता हूं: इसे समझें, क्योंकि यह बेहद महत्वपूर्ण है। जम्मू-कश्मीर में ऐसे कई लोग हैं और ये वही लोग हैं जो इस क्षेत्र को वापस अलगाववाद, आतंकवाद और हिंसा की तरफ धकेलना चाहते हैं।" उपराज्यपाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के आम लोग, खासकर कश्मीर घाटी के लोग अब ऐसे तत्वों को अच्छी तरह पहचान चुके हैं। उन्होंने कहा, "मुझे खुशी है कि जम्मू-कश्मीर की आम जनता, विशेषकर कश्मीर घाटी के लोगों ने अब ऐसे लोगों के चेहरे बहुत अच्छी तरह से पहचान लिए हैं।" उन्होंने आगे कहा कि आम नागरिक और युवा अब उन लोगों पर सवाल उठाने लगे हैं जिन्होंने इस क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचाया है।

Comment List