नर्सिंग छात्रों का भोपाल में हल्लाबोल : सीएम हाउस घेरने निकले, पुलिस से तकरार
पुलिस उन्हें मौके से हटने के लिए कहती रही
भोपाल। मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने अपनी मांगों को लेकर राजधानी भोपाल में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र रैली के रूप में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने पॉलिटेक्निक चौराहे पर उन्हें रोक दिया। छात्र सीएम हाउस तक जाने की अनुमति मांगते रहे, जबकि पुलिस उन्हें मौके से हटने के लिए कहती रही। रात आठ बजे के बाद भी प्रदर्शनकारी वहीं डटे रहे।
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि नर्सिंग शिक्षा से जुड़ी अनियमितताओं और लंबे समय से चल रही न्यायिक प्रक्रिया के कारण उनका भविष्य करीब छह साल से प्रभावित हो रहा है। छात्रों के अनुसार समय पर परीक्षाएं नहीं होने, डिग्री और रजिस्ट्रेशन नंबर जारी नहीं होने तथा छात्रवृत्ति में देरी जैसी समस्याओं का उन्हें सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन में B.Sc. Nursing और GNM के छात्र शामिल हुए। उनका कहना है कि कॉलेजों की मान्यता की वैधता जांचना शासन-प्रशासन और संबंधित संस्थानों की जिम्मेदारी है, इसकी सजा विद्यार्थियों को नहीं मिलनी चाहिए।
छात्र अब केवल मौखिक आश्वासन स्वीकार नहीं करेंगे। मांगों के समाधान का लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही आंदोलन खत्म करने पर विचार किया जाएगा। छात्रों ने सरकार से तत्काल निर्णय लेकर हजारों विद्यार्थियों का भविष्य बचाने की मांग की।

Comment List