मुंबई में गणपति पंडाल के पास लगा करंट : नाबालिग लड़की सहित एक महिला की मौत, अधिकारियों ने काटी बिजली आपूर्ति
एक अस्थायी पीने के पानी के स्टॉल पर करंट का पता चला
मुंबई। महाराष्ट्र के मध्य मुंबई में एक गणपति पंडाल के पास करंट लगने से एक नाबालिग लड़की और एक महिला की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। अधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है। सूत्रों ने बताया कि यह घटना दक्षिण-मध्य मुंबई के कालाचौकी में दत्ताराम लाड मार्ग पर कालाचौकी विभाग सार्वजनिक उत्सव मंडल के पास कल रात करीब 2.20 बजे हुई, जहां गणपति दर्शन के लिए भारी भीड़ जमा हुई थी। मुंबई अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी करीब 2.42 बजे मिली और वे मौके पर पहुंचे। मंडल के प्रवेश के पास एक अस्थायी पीने के पानी के स्टॉल पर करंट का पता चला।
अग्निशमन विभाग, मुंबई पुलिस, बेस्ट और ई-वार्ड नागरिक अधिकारियों के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत बिजली आपूर्ति काट दी और एहतियात के तौर पर इलाके को भी घेर लिया गया था। बेस्ट अधिकारियों के मुताबिक पोल नंबर डीएलएम-14 के पास दिग्विजय मिल चॉल में निरीक्षण किया गया, जहाँ गणपति लाइटिंग और कोल्ड-ड्रिंक स्टॉल के लिए एक अस्थायी बिजली मीटर लगाया गया था। बताया जा रहा है कि एक स्थानीय इलेक्ट्रीशियन ने तारों और एमसीबी को पहले ही अलग कर दिया था, जबकि जगह पर बिजली आपूर्ति बंद थी। इस घटना में चार लोग घायल हो गए और उन्हें मसिना हॉस्पिटल और ग्लोबल हॉस्पिटल ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि मसिना हॉस्पिटल में राघिनी घनश्याम यादव को मृत घोषित कर दिया गया। घायलों किरण नाइक, तन्वी नरेश हांडे और साहिल संदीप तारे को इलाज के लिए भर्ती कराया गया और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। ग्लोबल हॉस्पिटल में सुजाता को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि 12 साल की एक बच्ची गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती कराया गया। कालाचौकी पुलिस ने संबंधित मीटर निरीक्षक को निरीक्षण के दौरान मौजूद रहने को कहा है ताकि बिजली करंट का पता लगाने में मदद मिल सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Comment List