नेपाल में बाढ़ में फंसे नागपुर के 102 तीर्थयात्री सुरक्षित लौटे : धार्मिक यात्रा पर गया था समूह, मुख्यमंत्री का व्यक्त किया आभार
बाढ़ प्रभावित नेपाल में कुल 106 लोग फंसे हुए थे
नागपुर। नेपाल में हाल ही में अचानक आयी बाढ़ के कारण काठमांडू में फंसे नागपुर के 102 तीर्थयात्रियों का एक समूह रविवार को सुरक्षित यहां पहुंच गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। इससे पहले इस इलाके के चार तीर्थयात्री, जिनमें तीन महिलाएं शामिल थीं, शनिवार को सुरक्षित नागपुर पहुंचे थे। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ प्रभावित नेपाल में कुल 106 लोग फंसे हुए थे। तीर्थयात्रियों का यह समूह नेपाल में आयी विनाशकारी बाढ़ की चपेट में आ गया था। ये तीर्थयात्री विदर्भ क्षेत्र के उस बड़े समूह का हिस्सा थे, जो 19 अगस्त को धार्मिक यात्रा के लिए नेपाल गया था, जिसमें प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर और अन्य तीर्थ स्थलों की यात्रा शामिल थी।
उन्होंने बताया कि नेपाल-तिब्बत सीमा के पास के इलाकों में अचानक बाढ़ आने और यात्रा एवं संचार बाधित होने के बाद वे 27 अगस्त तक काठमांडू में ही रुके रहे। जहां विदर्भ के चार तीर्थयात्री कल हवाई मार्ग से नागपुर लौट आए थे, वहीं बाकी 102 तीर्थयात्री आज सुबह करीब 4.30 बजे ट्रेन से नागपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस त्रासदी में कम से कम 675 लोगों की जान चली गई है और लगभग 2,400 लोग लापता हैं। वापस लौटे तीर्थयात्रियों ने घर सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के प्रयासों के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का आभार व्यक्त किया।

Comment List