तख्तियां, नारे और हंगामा... विपक्ष के तेवरों से नहीं चली लोकसभा, 2 बजे तक स्थगित
गृह मंत्री से बयान की मांग समेत अन्य मुद्दों को लेकर हंगामा
नई दिल्ली। लोकसभा में बुधवार को विपक्षी सदस्यों ने छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई पर गृह मंत्री अमित से बयान की मांग समेत अन्य मुद्दों को लेकर हंगामा किया जिसके कारण सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गयी। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्य अपनी मांगों को लेकर शोगगुल करने लगे। इस बीच अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों से प्रश्नकाल चलाने में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आप सबसे अनुरोध रहता है कि सदन चले। मतभेद नीतियों विचारों में हो सकता है लेकिन देश सदन चलते हुए देखना चाहता है। मतभेद विचारों में व्यक्त होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं समय समय पर सभी दलों से चर्चा की है।
उन्होंने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस भी है। विश्व स्तर पर भारत के युवाओं ने शिक्षा, विज्ञान, अंतरिक्ष, प्रौद्योगिकी, उद्यमिता समेत कई क्षेत्रों के अंदर विशेष पहचान बनायी है। युवाओं के सामथ्र्य के कारण दुनिया में उनका नाम हो रहा है। देश का युवा भी चाहता है कि उनके विषयों पर चर्चा हो, छात्र पर चर्चा हो। सरकार ने भी सहमति दे दी है। गह मंत्री भी अपना वक्तव्य देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हो। दोनों पक्ष आपस में सहमति बनाये और चर्चा करें। देश की भावनाओं को समझना चाहिए और सदन में चर्चा हो। उन्होंने आग्रह किया सदन की गरिमा बनाये रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। सदन में तख्तियां लाना उचित नहीं। उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल चलने दें। प्रश्नकाल के बाद आपको मुद्दे उठाने का मौका दिया जाएगा। अध्यक्ष के बार बार आग्रह के बाद भी विपक्षी सदस्य शांत नहीं हुए जिसके कारण कार्यवाही को दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी।

Comment List