PM मोदी का बड़ा संदेश: NEET पेपर लीक के दोषियों को नहीं मिलेगी राहत, सख्त सजा और कड़े कानून का भरोसा
छात्रों का भविष्य सर्वोच्च प्राथमिकता
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि नीट पेपर लीक मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें सख्त से सख्त सजा दी जाएगी। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार को संसद भवन हुई राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा के बारे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि गड़बड़ी की खबरें मिलने पर सरकार ने तुरंत कार्रवाई की गयी। तेरह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।"
उन्होंने बताया कि इसके अलावा विद्यार्थियों के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए बिना किसी देरी के दोबारा परीक्षा कराई गयी और नतीजे घोषित किए गये। उन्होंने बताया कि श्री मोदी ने कहा कि पेपर लीक मामले को रोकना सिर्फ़ सरकार की ज़िम्मेदारी नहीं है। इसके ख़िलाफ़ राज्य सरकारों और सभी दलों को मिलकर लड़ना होगा। संसदीय कार्य मंत्री ने बताया कि मोदी ने भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए उठाए जा रहे कड़े कदमों के बारे में भी जानकारी दी है। उन्होंने दोषियों को सज़ा देने और मिलकर एक ऐसी व्यवस्था बनाने पर ज़ोर दिया, जिसमें कोई कमी न हो।
इस दौरान उन्होंने संसद के मानसून सत्र को लेकर कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन चल रहे मानसून सत्र के दौरान सकारात्मक भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा, "देश के हित में लाए गये विधेयकों और विधायी कामकाज को पारित कराने के हमारे संकल्प में हम एकजुट हैं। हम विपक्ष से भी अपील करते हैं कि भले ही अलग-अलग पार्टियों की राय अलग-अलग हो, लेकिन देश, उसके भविष्य और युवाओं के लिए वे मिलकर काम करें।"

Comment List