धामी के दौरे से पहले पुलिस का एक्शन, NSUI और युवा कांग्रेस नेता नजरबंद
युवा कांग्रेस ने सरकार पर लगाए आरोप
ऋषिकेश। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चंद्रेश्वर नगर दौरे से पहले पुलिस ने स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांगें रखने जा रहे एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के नेताओं को घर में नजरबंद कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से युवा कांग्रेस और छात्र संगठन के नेताओं में नाराजगी है। एनएसयूआई नेताओं ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष हिमांशु जाटव, छात्रसंघ महासचिव रेहान बंदोलिया और उनके साथियों को पुलिस ने घरों में नजरबंद कर दिया। युवा नेता गुमानीवाला में कूड़ा निस्तारण की समस्या, बापूग्राम की जनता के अधिकारों से जुड़े मामले तथा अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष उठाना चाहते थे।
एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष हिमांशु जाटव ने कहा कि क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं और जनहित के मुद्दों पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करना उनका उद्देश्य था, लेकिन पुलिस ने उन्हें अपनी बात रखने से पहले ही घरों में नजरबंद कर दिया। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों और अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी। छात्रसंघ महासचिव रेहान बंदोलिया और युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष हिमांशु कश्यप ने आरोप लगाया कि सरकार जनता के सवालों का जवाब देने के बजाय आवाज उठाने वालों को घरों में कैद कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी मांग रखना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। हाउस अरेस्ट जैसी कार्रवाई से उनके संघर्ष को रोका नहीं जा सकता। वहीं, छात्र नेता मानव रावत ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर उनका संघर्ष जारी रहेगा। सरकार चाहे जितनी पाबंदियां लगा ले, वे जनता की समस्याओं को लेकर अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।

Comment List