पंजाब औरंगज़ेब के जुल्मों के आगे नहीं झूका, केंद्र सरकार के आगे भी नहीं झूकेगा : भगवंत मान

मान का पलटवार: "धमकी और बदले की राजनीति के आगे नहीं झुकेगा पंजाब"

पंजाब औरंगज़ेब के जुल्मों के आगे नहीं झूका, केंद्र सरकार के आगे भी नहीं झूकेगा : भगवंत मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का तीखा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं और शहीदों की धरती है, जो किसी दबाव में नहीं आएगी। मान ने चंडीगढ़ विवाद, लंबित फंड और संजीव अरोड़ा पर ईडी रेड को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए संघीय ढांचे की रक्षा का संकल्प लिया।

संगरूर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब कभी भी डराने, धमकाने और बदले की राजनीति के आगे नहीं झुकेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं, संतों और शहीदों की धरती है, जो औरंगज़ेब के अत्याचारों के सामने नहीं झुकी थी और केद्र सरकार के सामने भी नहीं झुकेगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), सीबीआई, आयकर विभाग और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं का इस्तेमाल गैर-भाजपा शासित राज्यों, खासकर पंजाब, के खिलाफ राजनीतिक हथियार के रूप में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर एक साल में तीन बार और एक महीने में दो बार छापेमारी की गयी, लेकिन कुछ बरामद नहीं हुआ। इसके बावजूद बार-बार कार्रवाई केवल दबाव बनाने और विरोधियों को डराने के लिए की जा रही है। 

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार का संदेश साफ है, या तो पार्टी में शामिल हो जाओ या एजेंसियों की कार्रवाई झेलो। उन्होंने दावा किया कि कई नेताओं पर छापे पड़ने के बाद जब वे पार्टी में शामिल हुए तो कार्रवाई रुक गयी। सीएम मान ने कहा कि पंजाब ने पहले भी अन्याय का मुकाबला किया है और अब भी करेगा। उन्होंने कहा कि किसानों ने तीन काले कृषि कानून वापस करवाकर केंद्र सरकार को झुकने पर मजबूर किया था, इसलिए अब पंजाब से बदला लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने केंद्र सरकार पर पंजाब के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि चंडीगढ़, भाखड़ा, नदी जल विवाद, पंजाब यूनिवर्सिटी और हजारों करोड़ रुपये के लंबित फंडों के मुद्दे पर पंजाब के साथ अन्याय किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब देश की खाद्य सुरक्षा में सबसे बड़ा योगदान देता है और पंजाबी नौजवान सीमाओं की रक्षा करते हैं, फिर भी राज्य को राजनीतिक रूप से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की मिट्टी में हर बीज उग सकता है, लेकिन नफरत का बीज कभी नहीं उग सकता। हिंदू-सिख भाईचारे को तोड़ने की कोशिशें यहां कभी सफल नहीं होंगी। सीएम मान ने गुरु ग्रंथ साहिब के सम्मान के लिए बनाये गये एंटी-बेअदबी कानून का बचाव करते हुए कहा कि यह कानून धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वालों को कड़ी सजा देने के लिए लाया गया है। उन्होंने कहा कि इस कानून को दुनिया भर की संगत का समर्थन मिला है और इसे वापस लेने का कोई सवाल नहीं है। भगवंत मान ने कहा कि राज्यपाल की मंजूरी के बाद कानून लागू हो चुका है और पंजाब सरकार इस पर किसी दबाव में पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने ‘शुकराना यात्रा’ को जनता का समर्थन मिलने का दावा करते हुए कहा कि इस यात्रा से ध्यान हटाने के लिए ईडी छापे, नोटिस और विवाद खड़े किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी कहा कि केंद्र सरकार देश के संवैधानिक ढांचे को कमजोर कर रही है और संस्थाओं का दुरुपयोग अपने राजनीतिक हितों के लिए कर रही है। उन्होंने दोहराया कि पंजाब न झुकेगा और न रुकेगा।

Post Comment

Comment List

Latest News

जयपुर के सांगानेर में अकीदत के साथ निकला मुहर्रम का जुलूस, भव्य ताज़िये बने आकर्षण का केंद्र जयपुर के सांगानेर में अकीदत के साथ निकला मुहर्रम का जुलूस, भव्य ताज़िये बने आकर्षण का केंद्र
जयपुर के सांगानेर स्थित ऐतिहासिक मालपुरा गेट पर मुहर्रम का जुलूस पूरी अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में निकाला गया। स्थानीय...
2 साल पूरे होने पर राहुल गांधी का बड़ा संदेश, 'हर लड़ाई में आपके साथ था, हूं और रहूंगा'
अमेरिका-जीसीसी गठजोड़ पर ईरान का पलटवार, विदेशी दखल को बताया खतरा
राजस्थान में निवेश बढ़ाने का आह्वान, बीयूवीएम के त्रिवेणी संगम समारोह में नई कार्यकारिणी ने ली शपथ,
पंजाब में बड़ा खुलासा: सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान पहुंच रही थीं गोपनीय सूचनाएं, 3 आरोपी गिरफ्तार
राज्यपाल बागडे निमेड़ा स्थित श्री श्याम गौशाला पहुंचे, भागवत कथा में सम्मिलित हुए
राम मंदिर दान मामले पर सीएम योगी का बड़ा बयान, बोले- आस्था से खिलवाड़ नहीं करेंगे बर्दाश्त, विपक्षी दलों पर साधा निशाना