राम मंदिर को जल्द मिलेगा पहला CEO: ट्रस्ट की अहम बैठक आज, चयन समिति ने सौंपा तीन नामों का पैनल
राम मंदिर के पहले सीईओ के चयन पर टिकीं निगाहें
अयोध्या। रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। बैठक में राम मंदिर के लिए नियुक्त किए जाने वाले पहले मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के नाम पर विचार-विमर्श किया जाएगा। सीईओ के चयन की प्रक्रिया करीब दो महीने तक चली, जिसके बाद चयन समिति ने तीन संभावित नामों का पैनल तैयार कर मंगलवार को ट्रस्ट को सौंप दिया।
बैठक में हिस्सा लेने के लिए ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि, सदस्य शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद और सदस्य युगपुरुष स्वामी परमानंद मंगलवार को ही अयोध्या पहुंच गए। वहीं, ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपालदास, अंतरिम महासचिव कृष्णमोहन, सदस्य महंत दिनेंद्रदास और पदेन सदस्य एवं जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी पहले से ही अयोध्या में मौजूद हैं।
सीईओ की नियुक्ति को लेकर लंबे समय से चल रही प्रक्रिया के बाद अब ट्रस्ट की बैठक में अंतिम निर्णय होने की उम्मीद है। ऐसे में सभी की नजरें ट्रस्ट के फैसले और तीन सदस्यीय पैनल में शामिल नामों पर टिकी हैं।

Comment List