प्रवासी मजदूरों और छात्रों को राहत : वैध पहचान पत्र दिखाकर मिलेगा 5 किलो का सिलेंडर, सरकार ने कहा- देश में कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार
यूरिया संयंत्रों को गैस आपूर्ति बढ़ाई जाएगी
सरकार ने प्रवासी मजदूरों और छात्रों को वैध पहचान पत्र पर बिना पते के एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराने की सुविधा दी। पश्चिम एशिया संकट के बीच पेट्रोल-डीजल व एलपीजी की पर्याप्त आपूर्ति का आश्वासन दिया गया। यूरिया संयंत्रों को गैस आपूर्ति बढ़ेगी, एलपीजी कार्गो भी पहुंच रहा है। जमाखोरी रोकने और वैकल्पिक ईंधन अपनाने की सलाह दी गई।
नई दिल्ली। सरकार ने प्रवासी मजदूरों और छात्रों को राहत देते हुए उनकी रसोई गैस की जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कहा है कि वे वैध पहचान पत्र दिखाकर एलपीजी वितरकर से सिलेंडर ले सकते हैं इसके लिए उनके पास पते का प्रमाण पत्र होना जरूरी नहीं है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर सरकार पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और लोग पेट्रोल और डीजल की घबराहट में खरीदारी तथा एलपीजी की अनावश्यक बुकिंग से बचें।
यूरिया संयंत्रों को गैस आपूर्ति बढ़ाई जाएगी
सरकार का कहना है कि चालू यूरिया संयंत्रों को गैस आपूर्ति अब पिछले 6 महीनों की औसत खपत के लगभग 70-75 प्रतिशत पर स्थिर है। उपलब्ध भंडार और निर्धारित एलएनजी कार्गो आगमन को देखते हुए सोमवार से उर्वरक संयंत्रों को गैस आपूर्ति को बढ़ाकर लगभग 90 प्रतिशत की जाएगी। इसके अतिरिक्त अन्य औद्योगिक और वाणिज्यिक क्षेत्रों, जिसमें सीजीडी नेटवर्क के माध्यम से आपूर्ति शामिल है में भी 10 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी।
एक और कार्गो ला रहा एलपीजी
सरकार ने यह भी कहा है कि समुद्री जहाज ग्रीन सानवी 46,650 टन एलपीजी कार्गो लेकर होर्मुज स्ट्रेट पार कर चुका है। पश्चिम एशिया क्षेत्र में फंसे 1,320 से अधिक भारतीय नाविकों की अब तक स्वदेश वापसी सुनिश्चित की गई है।
पीएनजी को बढ़ावा
पीएनजी को बढ़ावा देने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है और पिछले महीने से अब तक 3.5 लाख से अधिक पीएनजी कनेक्शनों में गैस आपूर्ति शुरू की गई है। सोमवार से उर्वरक संयंत्रों को गैस आपूर्ति छह माह की औसत खपत के लगभग 90 प्रतिशत तक बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया है। एलपीजी जमाखोरी और काला बाजारी पर कार्रवाई जारी है और शुक्रवार को 3700 से अधिक छापे मारे गए।
वैकल्पिक ईंधनों का उपयोग करें
सरकार ने कहा कि जहां तक संभव हो पीएनजी, इंडक्शन जैसे वैकल्पिक ईंधनों का उपयोग करें। एलपीजी की मांग पर दबाव कम करने के लिए केरोसीन और कोयले जैसे वैकल्पिक ईंधन विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं।

Comment List