AI से बनाई करोड़ों की दौलत, सिद्धार्थ सक्सेना ने एक दिन में कमाए 77 करोड़ रुपए
वह रातों-रात करोड़पति बन गए
नई दिल्ली। आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र और एआई स्टार्टअप मर्लिन (Merlin) के सह-संस्थापक सिद्धार्थ सक्सेना इन दिनों अपनी सफलता की कहानी को लेकर चर्चा में हैं। एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया कि महज 26 वर्ष की उम्र में उन्होंने एक ही दिन में करीब 80 लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग 77 करोड़ रुपये) की कमाई की, जिससे वह रातों-रात करोड़पति बन गए।
कंटेंट क्रिएटर विराज अला से बातचीत में सिद्धार्थ ने बताया कि आईआईटी कानपुर के कंप्यूटर साइंस प्रोग्राम में प्रवेश पाना दुनिया के सबसे कठिन शैक्षणिक मुकाबलों में से एक है। उन्होंने 2019 में स्नातक करने के बाद एनवेस्टनेट, योदली, वधवानी एआई, फिनलैंड के आल्टो विश्वविद्यालय और जुमियो जैसी संस्थाओं में काम करते हुए मशीन लर्निंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में विशेषज्ञता हासिल की।
साल 2022 में उन्होंने अपने साथियों प्रत्युष राय और सिरसेंदु सरकार के साथ मिलकर मर्लिन नामक एआई स्टार्टअप की शुरुआत की। यह एआई आधारित क्रोम एक्सटेंशन है, जो यूजर्स की उत्पादकता बढ़ाने में मदद करता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी का मूल्यांकन करीब 5 करोड़ डॉलर (50 मिलियन डॉलर) तक पहुंच चुका है। सिद्धार्थ एक अन्य एआई स्टार्टअप थाइन (Thyn) के भी सह-संस्थापक हैं। उनका मानना है कि तकनीकी ज्ञान के साथ बड़ा सोचने और जोखिम लेने का साहस ही उद्यमिता की असली सफलता की कुंजी है।

Comment List